Edited By Manisha rana, Updated: 11 May, 2026 09:26 PM

बदमाशों के हौंसले कितने भी बुलंद क्यों न हों, कानून के हाथों से बच पाना आसान नहीं। नरवाना पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिखाया है। फिरौती मामले में गिरफ्तार आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची को पुलिस अवैध देसी कट्टे की बरामदगी और निशानदेही के लिए रेलवे...
नरवाना (गुलशन चावला) : बदमाशों के हौंसले कितने भी बुलंद क्यों न हों, कानून के हाथों से बच पाना आसान नहीं। नरवाना पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिखाया है। फिरौती मामले में गिरफ्तार आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची को पुलिस अवैध देसी कट्टे की बरामदगी और निशानदेही के लिए रेलवे ओवरब्रिज के पास लेकर गई थी। लेकिन आरोपी के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। मौका मिलते ही उसने पुलिस पर कट्टा तान दिया और रेलवे पुल से छलांग लगाकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि ऊंचाई ज्यादा होने के कारण आरोपी का पैर टूट गया और उसकी चालाकी उसी पर भारी पड़ गई।
पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है अमरजीत
अमरजीत उर्फ बच्ची पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2020 में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। करनाल जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ नरवाना के व्यापारी नरेश जैन से रंगदारी मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद नरवाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को पुलिस ने पांचों आरोपियों का सिर मुंडवाकर शहर में पैदल घुमाया और व्यापारी से हाथ जोड़कर माफी भी मंगवाई थी
पुलिस आरोपी को अवैध हथियार बरामद करवाने के लिए रेलवे पुल के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर देसी कट्टा तान दिया और पुल से नीचे छलांग लगा दी। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की लेकिन नीचे गिरते ही आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर आने के बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि गैंग से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकें। कमलदीप राणा ने बताया कि पुलिस आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची को अवैध हथियार की निशानदेही के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर देसी कट्टा तान दिया और रेलवे ओवरब्रिज से कूदकर भागने की कोशिश की। ऊंचाई अधिक होने के कारण आरोपी के पैर में फ्रैक्चर आ गया। पुलिस ने आरोपी को दोबारा काबू कर लिया और उसके कब्जे से देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया।