Edited By Krishan Rana, Updated: 08 Jun, 2026 07:35 PM

हांसी में NH-10 के नाम से मार्केट में स्थित जोकी शोरूम के मैनेजर सूरज की हत्या के मामले में हांसी पुलिस को महत्वपूर्ण
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में NH-10 के नाम से मार्केट में स्थित जोकी शोरूम के मैनेजर सूरज की हत्या के मामले में हांसी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जोकी शोरूम के मैनेजर सूरज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में शिकायतकर्ता दीपक जैन की शिकायत पर थाना सदर हांसी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी साहिल बामल निवासी हिसार और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद सीआईए और थाना सदर हांसी की टीमों ने आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी शुरू की। इसी कड़ी में एसटीएफ हिसार के टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अनुप तथा थाना सदर हांसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गौरव उर्फ गोचु पुत्र रोशनलाल और रवि उर्फ गोलू पुत्र राजकुमार, दोनों निवासी दुर्गा कॉलोनी हिसार को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी मुख्य आरोपी साहिल बामल के मित्र हैं और हत्या की वारदात में शामिल थे। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि गौरव उर्फ गोचु के खिलाफ पहले से थाना सिविल लाइन हिसार में धारा 307 और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों, फरार आरोपियों और घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके। मामले की जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)