Edited By Yakeen Kumar, Updated: 08 May, 2025 06:00 PM

कृषि विभाग की टीम ने यमुनानगर के ताजकपूर में एक गोदाम में छापा मारकर 2400 कट्टे कृषि यूरिया बरामद किया है। यमुनानगर में पिछले लंबे समय से किसानों के सब्सिडी वाले यूरिया की कालाबाजारी जारी है।
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : कृषि विभाग की टीम ने यमुनानगर के ताजकपूर में एक गोदाम में छापा मारकर 2400 कट्टे कृषि यूरिया बरामद किया है। यमुनानगर में पिछले लंबे समय से किसानों के सब्सिडी वाले यूरिया की कालाबाजारी जारी है। किसानों का सब्सिडी वाला यूरिया प्लाईवुड फैक्ट्री में प्रयोग होता है।
यमुनानगर के ताजकपुर में पहुंची कृषि विभाग की टीम को गोदाम के अंदर से एक टैंपो निकलता दिखाई दिया। जिसे रोककर देखा तो उसके अंदर यूरिया के कट्टे बरामद हुए। इसके बाद विभाग की टीम ने गोदाम में घुसी। गोदाम में टीन के शेड के नीचे तकरीबन 2400 कट्टे कृषि यूरिया बरामद हुआ। कृषि विभाग के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद गोदाम मालिक नरेंद्र दहिया से इस यूरिया के स्टॉक व पीओएस मशीन में दर्ज डेटा के बारे में जानकारी मांगी।
गोदाम पहले भी किया था सील
कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर आदित्य प्रताप डबास ने कहा काफी समय से विभाग की टीम को इस गोदाम के बारे में जानकारी मिल रही थी। जब भी रेड की जाती तो यह बंद मिलता रहा। आज जब टैंपो गोदाम से निकलता दिखाई दिया तो विभाग के अधिकारियों ने इस अवैध गोदाम में दबिश दी। उन्होंने बताया कि इस गोदाम पर 3 साल पहले भी कृषि विभाग की टीम ने रेड की थी, जिसके बाद सील किया गया था।
गोदाम संचालक पर केस दर्ज
डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि विभाग के रिकॉर्ड में इस पते पर कोई गोदाम दर्ज नहीं है। यह कृषि विभाग की नजर में अवैध गोदाम है। गोदाम प्रबंधक पर एसेंशियल कमोडिटी एक्ट सहित बीएनएस की धाराओं सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर इस स्टॉक को कब्जे में लिया जाए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)