Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Oct, 2026 07:49 PM

जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पुलिस टीम
गुहला/चीका (कपिल) : जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ पुलिस टीम गुहला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चोरी व छीनाझपटी के कई मामलों को अंजाम दे चुके अपराधी को मुठभेड़ के बाद काबू किया है। आरोपी की पहचान कृपाल उर्फ बल्लू निवासी अलीपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
DSP सुशील प्रकाश ने बताया की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ प्रभारी एस.आई मुकेश की अगुवाई में ए.एस.आई अजीत सिंह, ए.एस.आई राममेहर, ए.एस.आई अशोक, ए.एस.आई संदीप व सिपाही सरवन कुमार की टीम सरकारी गाड़ी में थाना गुहला क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों की तलाश में गश्त कर रहे थे।
गांव बाबकपुर के पास पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कृपाल उर्फ बल्लू, जो चोरी व छीनाझपटी के मामलों में वांछित है, बुबकपुर से रत्ताखेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार सहित किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा रेडिंग पार्टी तैयार की गई तथा टीम के कर्मचारियों ने सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहन ली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस कर्मचारियों द्वारा उसे रुकने के लिए आवाज लगाई गई, लेकिन आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली ए.एस.आई अजीत सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया। आरोपी द्वारा 4 फायर किए गए तथा 4 फायर पुलिस की तरफ से हुए। आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सी.एच.सी गुहला ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर कर दिया। आरोपी के कब्जे से 32 बोर अवैध असला, 3 खाली खोल व एक कारतूस बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच दौरान सामने आया है की आरोपी पर चोरी छीनाझपटी करीब 5 मामले दर्ज है। 4 मामले कैथल जिला के व एक पंजाब का है। आरोपी पर 4 मई 2026 को चीका से एक बाइक चोरी करने का आरोप है, जिस बारे चीका निवासी राजू की शिकायत पर मामला दर्ज है। उक्त मामले में आरोपी की गिरफ्तारी बकाया थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)