Edited By Krishan Rana, Updated: 10 Jun, 2026 09:15 PM

हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार 12 वर्ष तक देश का
चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार 12 वर्ष तक देश का नेतृत्व करते हुए नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की तुलना की जाए तो नेहरू के 12 वर्ष 'अंधेरी रात' जबकि श्री मोदी के 12 वर्ष 'चमकता हुआ सूरज' साबित हुए हैं।
विज ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वह मंगलवार को अंबाला छावनी के सनातन धर्म मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के उपलक्ष्य में आयोजित हवन-यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हवन में भाग लेकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास'के मंत्र के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्य किए गए हैं और भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनाने में सफल हुआ है।
विज ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने हवन-यज्ञ के माध्यम से प्रार्थना की है कि प्रधानमंत्री मोदी लंबे समय तक देश का नेतृत्व करते रहें और भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाया। कार्यक्रम में सनातन धर्म मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने अनिल विज का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, माकेर्ट कमेटी चेयरमैन बलविंद्र शाहपुर सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)