Edited By Saurabh Pal, Updated: 13 Jul, 2023 04:08 PM

भाजपा द्वारा रेवाड़ी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनेलो देख रही मुंगेरी लाल के सपने, कांग्रेस के भी भारत जोड़ो यात्रा के बाद सुर बदल गए हैं..
रेवाड़ी(महेंद्र भारती) : जिले के गांव बधराना में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा सरकार में सहकारिता एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने शिरकत की। इस दौरान सहकारिता मंत्री बधराना में 50 लाख की लागत से बने व्यायामशाला एवं खेल मैदान का उद्घाटन किया।
मौके पर उन्होंने कहा की इनेलो पार्टी एक विधायक के साथ प्रदेश में सीएम बनाने के सपने देख रही है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस नेताओं के भी अलग अलग सुर निकल रहें है। यात्रा से पहले ही मैंने कह दिया था कि भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेसी अपने कुनबे को जोड़ें। ताकि भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत न पड़े।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आज तक कांग्रेस हरियाणा में अपना संगठन तक खड़ा नहीं कर पाई है और उनकी गुटबाजी हर रोज उजागर हो रही है। इसके अलावा सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सीएम बनने की चर्चाएं हर रोज चलती रहती हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जल्द ही दक्षिण हरियाणा को एम्स की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लोगों के स्वास्थ्य को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। इसलिए एम्स के निर्माण में अब देरी नहीं की जाएगी।
वहीं मंत्री ने बताया कि बारिश के मौसम में जलभराव से निबटने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले स्थानों पर अस्थाई जरनेटर लगाकर पानी की निकासी का कार्य किया जा रहा है। औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा में राजस्थान से आने वाले गंदे पानी की निकासी को लेकर बार-बार कहने के बावजूद भी राजस्थान सरकार द्वारा दूषित पानी को रोका नहीं गया। इसीलिए राजस्थान के अधिकारियों के खिलाफ प्रदूषण विभाग द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। रेवाड़ी के गांव बधराना में ग्रामीणों को संबोधित कर विकास कार्यों की घोषणा की गई।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)