Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 20 May, 2026 09:02 PM

सेक्टर 93 में मंगलवार को एक कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करते समय चौथी मंजिल से गिरने से श्रमिक की मौत हो गई। आरोप है कि कंपनी या ठेकेदार ने श्रमिक को सेफ्टी बेल्ट नहीं दी थी और न ही निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा इंतजाम थे।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर 93 में मंगलवार को एक कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करते समय चौथी मंजिल से गिरने से श्रमिक की मौत हो गई। आरोप है कि कंपनी या ठेकेदार ने श्रमिक को सेफ्टी बेल्ट नहीं दी थी और न ही निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा इंतजाम थे। परिवार व अन्य श्रमिकों की शिकायत पर बुधवार को सेक्टर 93 चौकी पुलिस ने लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृत श्रमिक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 35 वर्षीय टुनटुन राय के रूप में की गई। इनके साथी प्रवीण कुमार ने चौकी पुलिस को शिकायत दी है। गांव के ही रहने वाले प्रवीण ने बताया कि वह और टुनटुन सेक्टर 89 की झुग्गियों में रहते थे। टुनटुन पिछले कई दिनों से ठेकेदार अमित ढांढा के अंडर में सेक्टर 93 में गुलियानी कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में सेटरिंग का काम कर रहे थे। मंगलवार दोपहर वह चौथी मंजिल पर लेंटर खोल रहे थे, इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे जमीन पर गिर गए। इन्हें काफी चोटे आईं। अन्य श्रमिक इन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
आरोप है कि काम के दौरान ठेकेदार व कंपनी की तरफ से निर्मााणाधीन साइट पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो कोई सुरक्षा जाल लगाया गया था और न ही कर्मचारियों को सुरक्षा बेल्ट दी गई थी। यह भी कहा गया कि श्रमिक टुनटुन ने ठेकेदार से सुरक्षा बेल्ट की मांग की थी, लेकिन उन्हें बेल्ट उपलब्ध नहीं करवाई गई। काम के दौरान लापरवाही से हादसा होने पर अन्य श्रमिकों ने साइट के बाहर हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 93 चौकी पुलिस ने बताया कि लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।