Edited By Manisha rana, Updated: 06 Jun, 2026 11:14 AM

रेवाड़ी जिले की हाईटेक जिला जेल से दो कैदियों के फरार होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक (सुपरिंटेंडेंट) सुरेंद्र दलाल को निलंबित कर दिया है। उन पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही...
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले की हाईटेक जिला जेल से दो कैदियों के फरार होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक (सुपरिंटेंडेंट) सुरेंद्र दलाल को निलंबित कर दिया है। उन पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च को रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो कैदी करीब 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। घटना के समय जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल अवकाश पर थे। मामले की जांच में उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में कोताही बरतने का जिम्मेदार माना गया, जिसके आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस ने बाद में दोनों फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया था।
गौरतलब है कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जेल महानिदेशक (डीजी जेल) ने पहले ही पांच हेड वार्डर और दो वार्डर सहित कुल सात जेल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। साथ ही जेल अधीक्षक की भूमिका और कार्यप्रणाली की भी जांच के आदेश दिए गए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब सुरेंद्र दलाल के खिलाफ यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। रेवाड़ी की नवनिर्मित जिला जेल को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक जेल माना जाता है। इसके बावजूद कैदियों के सीढ़ी के सहारे ऊंची सुरक्षा दीवार पार कर फरार होने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इस मामले को उच्च अधिकारियों ने अत्यंत गंभीर माना था। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जून 2025 में इस आधुनिक जिला जेल का उद्घाटन किया था। इस बीच रेवाड़ी जिला जेल के नए अधीक्षक के रूप में रेशम सिंह की नियुक्ति की गई है। उन्होंने शुक्रवार को अपना कार्यभार संभाल लिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)