Edited By Manisha rana, Updated: 11 May, 2026 06:24 PM

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के गांव दयालपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने पांच साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी जान दे दी।
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के गांव दयालपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने पांच साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव दयालपुर निवासी रूपचंद ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा भारत अविवाहित है, जबकि छोटा बेटा सागर शादीशुदा था। सागर की पत्नी सपना और उनका पांच साल का बेटा रक्षित था। रूपचंद के अनुसार सागर अक्सर परिवार के साथ झगड़ा करता था और मारपीट भी करता था। इससे परेशान होकर परिवार करीब एक साल से गांव मच्छगर में किराये के मकान में रहने लगा था, जबकि सागर दयालपुर में अकेला रहता था।
सागर मच्छगर पहुंचा और घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद वह अपने बेटे रक्षित को अपने साथ दयालपुर ले गया। देर शाम तक जब वह बच्चे को वापस नहीं लाया और फोन भी नहीं उठाया तो परिवार के लोग उसके घर पहुंचे। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से घर में प्रवेश किया गया और कमरे का दरवाजा तोड़ देखा तो सागर फंदे पर लटका हुआ था और बच्चा उसके साथ बंधा हुआ मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)