Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 21 May, 2026 07:42 PM

गांव फाजिलवास में एक प्लॉट पर निर्माण कार्य के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला किया। इस हमले में बुजुर्ग पिता का हाथ टूट गया, जबकि बेटे के सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही बेहोश हो...
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव फाजिलवास में एक प्लॉट पर निर्माण कार्य के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला किया। इस हमले में बुजुर्ग पिता का हाथ टूट गया, जबकि बेटे के सिर पर गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी हाथापाई और मारपीट की गई। बिलासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
गांव चांदला डूंगरवास निवासी 63 वर्षीय बुजुर्ग महेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने गांव फाजिलवास में एक प्लॉट ले रखा है, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। 15 मई 2026 की सुबह करीब सात बजे वे अपने प्लॉट पर पहुंचे थे। तभी करीब आठ बजे गांव के ही कुछ लोग वहां आए और बिना वजह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर वे दोनों जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे जब महेंद्र सिंह, उनका बेटा लखन और पुत्रवधू पूनम प्लॉट पर काम कर रहे थे, तभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला बोल दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि लखन लहूलुहान होकर वहीं बेहोश हो गया।
बेटे को बचाने आए बुजुर्ग महेंद्र सिंह पर भी आरोपियों ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं। एक लाठी उनके बाएं हाथ पर इतनी जोर से लगी कि उनकी हड्डी टूट गई और हाथ खून से लथपथ हो गया। इसके बाद उनके पैर पर भी वार किया गया। इसी बीच एक युवक हाथ में लाठी और पत्थर लेकर घर में घुसा और सबको जान से मारने की धमकी दी। उसने जान से मारने की नियत से महेंद्र सिंह के पेट पर भारी पत्थर फेंककर मारा, जिससे उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और घर में घुसकर मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।