अपनी मांगों पर अड़े रहे कर्मचारी...2 घंटे तक मंत्री कृष्ण बेदी और सफाई कर्मचारियों के बीच बैठक रही बेनतीजा, नहीं बनी सहमति

Edited By Krishan Rana, Updated: 22 Aug, 2026 04:58 PM

employees remained firm on their demands  a two hour meeting between minister

हरियाणा में लंबे समय से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और सफाई कर्मचारी यूनियन के

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा में लंबे समय से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को समाप्त कराने के प्रयासों के तहत शनिवार को कुरुक्षेत्र के जिमखाना क्लब में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर विस्तार से बातचीत हुई, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को दोबारा बातचीत के लिए बुलाया गया है।

बैठक में नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रधान नरेश शास्त्री सहित यूनियन के पदाधिकारी और कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। यूनियन नेताओं ने सरकार के समक्ष कर्मचारियों की लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा। बताया गया कि बातचीत के दौरान कुछ मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ी, लेकिन कई मांगों को लेकर अभी भी मतभेद कायम हैं।

बैठक के बाद नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दोबारा बातचीत के लिए न्योता दिया गया है और यूनियन प्रतिनिधि बैठक में शामिल होकर मांगों के समाधान का प्रयास करेंगे। उनका कहना था कि यूनियन बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान चाहती है, लेकिन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर केवल आश्वासन के बजाय ठोस निर्णय जरूरी हैं।

बताया गया कि बैठक के दौरान मंत्री कृष्ण बेदी के बैठक से उठकर चले जाने को लेकर भी स्थिति बनी, जिसके बाद कुछ यूनियन पदाधिकारी बैठक से बाहर आ गए। इसके बाद अधिकारियों की ओर से यूनियन नेताओं को मनाने का प्रयास किया गया।

सहमति नहीं बनी तो आंदोलन बढ़ेगा

यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार के साथ बातचीत का रास्ता खुला हुआ है और आगामी बैठक में मांगों के समाधान की उम्मीद है। हालांकि, यदि कर्मचारियों की मांगों पर ठोस सहमति नहीं बनती है तो यूनियन आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय ले सकती है।

प्रदेश में शहरी निकायों के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। सरकार की ओर से हड़ताल समाप्त कराने के लिए बातचीत का प्रयास किया जा रहा है। शनिवार की बैठक भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!