Edited By Isha, Updated: 22 Aug, 2026 09:41 AM

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों (कुक्स) के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। राज्य शिक्षा विभाग ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर ₹6,000 प्रति माह करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते
चंडीगढ़: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों (कुक्स) के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। राज्य शिक्षा विभाग ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर ₹6,000 प्रति माह करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सभी जिलों के लिए बजट आवंटित कर दिया है।
शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (DEEOs) को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के स्कूलों में तैनात रसोइयों की कुल संख्या के हिसाब से ₹6,000 के मानदेय की बजट सीमा तुरंत तय करें। इसके लिए विभाग के ब्यूरो स्तर से प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं।
विभाग ने स्कूलों के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDOs) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रसोइयों को उनके काम के दिनों और उपस्थिति के आधार पर मानदेय का भुगतान सीधा उनके बैंक खातों में समय पर किया जाए।
सरकार के इस फैसले से साफ है कि जिस अवधि के दौरान कुक स्कूल में उपस्थित रहकर भोजन तैयार करेंगे, उन्हें उसी के अनुरूप बढ़ा हुआ 6,000 का मानदेय जारी किया जाएगा। इस कदम से प्रदेश के हजारों मिड-डे मील कर्मचारियों को आर्थिक संबल मिलेगा।