Edited By Isha, Updated: 22 Aug, 2026 08:50 AM

निजामपुर क्षेत्र स्थित गांव बायल की पहाड़ियों में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर जे.सी.बी. चढ़ाने का प्रयास किया गया। वन कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
नारनौल: निजामपुर क्षेत्र स्थित गांव बायल की पहाड़ियों में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर जे.सी.बी. चढ़ाने का प्रयास किया गया। वन कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी अनुसार वन विभाग के कर्मचारी सिकंदर (गार्ड), मोहन (ग्रुप-डी कर्मचारी) और संजय (माली) सुबह गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गांव बायल की पहाड़ियों में जे.सी.बी. से अवैध खनन होता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने जे.सी.बी. को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वनकर्मियों को जे.सी.बी. से कुचलने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनकी बाइक वहीं छूट गई जिस पर जे.सी.बी. चढ़ा दी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंज अधिकारी रजनीश और डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले का एक सी.सी.टी.वी. फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी अनुसार जे.सी.बी. संजय उर्फ माडू राम की बताई जा रही है जबकि उसे वसीम चला रहा था। वन विभाग के रेंज ऑफिसर रजनीश ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारी खनन रोकने गए थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।