Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 Aug, 2026 08:06 AM

सेक्टर-29 में सार्वजनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल कार चार्जिंग स्टेशन पर एक ड्राइवर की शर्मनाक करतूत सामने आई है। यहां अपनी गाड़ी को चार्जिंग पर लगाकर ड्राइवर ने अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो चला दी।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-29 में सार्वजनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल कार चार्जिंग स्टेशन पर एक ड्राइवर की शर्मनाक करतूत सामने आई है। यहां अपनी गाड़ी को चार्जिंग पर लगाकर ड्राइवर ने अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो चला दी। हद तो तब हो गई जब उसने अपनी मोबाइल की स्क्रीन साइड में अन्य गाड़ी चार्ज कर रही महिला की तरफ घुमा दी। इस पूरे घटनाक्रम का महिला ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला का आरोप है कि ड्राइवर जानबूझकर ऐसी शर्मनाक हरकत कर रहा था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
साेशल मीडिया पर वीडियो जारी कर महिला ने आपबीती बताते हुए कहा कि चह दिल्ली एनसीआर में कैब चलाती हैं। जब वह रात को अपनी गाड़ी को सेक्टर-29 के सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन (टाटा इंटीरियर) पर ले गई। गाड़ी चार्ज करने के लिए लगाया और टाइमपास करने के लिए गाड़ी के अंदर ही बैठी रही। इसी दौरान पास ही एक अन्य गाड़ी (कैब) में एक अन्य ड्राइवर अपनी गाड़ी को चार्ज कर रहा था और अपनी गाड़ी में बैठकर वीडियो देख रहा था। उसने महिला को देखते ही अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो चला दी और मोबाइल की स्क्रीन को उनकी तरफ घुमा दिया। इसके साथ ही वह महिला की तरफ देखने लगा। इस पर महिला ने उसकी वीडियो बनानी शुरू की तो ड्राइवर ने अपना मोबाइल नीचे कर दिया और महिला आरोपी के पास पहुंची और इसका विरोध किया। महिला ने यहां मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ को जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
15 घंटे पहले सोशल मीडिया पर अपलोड हुई इस वीडियो को 3913 लोग लाइक कर चुके हैं जबकि 403 लोगों ने इस पर कमेंट भी किया है। महिला ने आरोपी ड्राइवर की इस करतूत को रिकॉर्ड किया और ड्राइवर से इस बारे में आपत्ति जताई तो वह महिला को उल्टा जवाब देने लगा जिस पर महिला ने पुलिस को शिकायत देने की बात कही। इसके साथ ही महिला ने सिक्योरिटी टीम को मौके पर बुलाया तो आरोपी भागने लगा, लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाई और आरोपी की गाड़ी की चाबी निकाल ली। सिक्योरिटी टीम ने महिला को आश्वस्त किया कि वह आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे जिसके बाद महिला ने आरोपी की गाड़ी की चाबी सिक्योरिटी टीम को सौंप दी। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है, लेकिन यह वीडियो वायरल होते हुए पुलिस के पास पहुंच गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।