Edited By Isha, Updated: 04 Sep, 2026 02:45 PM

महंगाई के बीच गांव कैमला में दूध विक्रेताओं ने दूध के नए रेट तय कर दिए हैं। गांव में हुई दूध विक्रेताओं की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 4 सितंबर से गाय का दूध 80 रुपये प्रति किलो और भैंस का दू
करनाल: महंगाई के बीच गांव कैमला में दूध विक्रेताओं ने दूध के नए रेट तय कर दिए हैं। गांव में हुई दूध विक्रेताओं की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 4 सितंबर से गाय का दूध 80 रुपये प्रति किलो और भैंस का दूध 100 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा। इसके साथ ही दूध की शुद्धता बनाए रखने के लिए मिलावट करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का भी निर्णय लिया गया।
वीडियो जारी कर दूध विक्रेता रोहित और अजमेर ने बताया कि पशुओं के चारे, खल-बिनौला, दाने और अन्य खाद्य सामग्री के दाम बढ़ने से पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशुओं की देखभाल और रखरखाव का खर्च भी बढ़ा है। ऐसे में पुराने रेट पर दूध बेचने में परेशानी हो रही थी। बैठक में तय किया कि दूध में पानी मिलाकर बेचने वाले विक्रेता पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
वहीं बाहर से दूध लाकर गांव में बेचने वाले व्यक्ति पर 51 हजार रुपये का जुर्माना और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित रेट से कम कीमत पर दूध बेचने वाले विक्रेता पर भी 11 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान किया गया है। फटने या अन्य कारणों से खराब दूध निकलवाकर बेचने की मांग होने पर उसकी कीमत 130 रुपये प्रति किलो तय की गई है। विक्रेताओं ने कहा कि नए नियमों का उद्देश्य दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ सभी विक्रेताओं के लिए समान दर लागू करना है।