अखिल भारत हिंदू महासभा ने राम रहीम को रिहा करने के लिए अमित शाह को लिखा पत्र

Edited By vinod kumar, Updated: 25 Aug, 2020 04:48 PM

all india hindu mahasabha write to letter amit shah to release ram rahim

साध्वी यौन शोषण व छत्रपति हत्याकांड में हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रिहा करने के लिए अखिल भारत हिंदू महासभा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।

कालांवाली (श्रवण प्रजापति): साध्वी यौन शोषण व छत्रपति हत्याकांड में हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रिहा करने के लिए अखिल भारत हिंदू महासभा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।

महासभा ने पत्र में लिखा कि भारत प्राचीन काल से एक ऋषि एवं कृषि प्रधान देश रहा है, लेकिन ये बहुत ही दुर्भाग्य है कि देश की आजादी के बाद हिन्दू संतों का एक अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत कानून की आड़ में न सिर्फ उत्पीड़न किया गया, बल्कि टीवी फिल्मों के माध्यम से भी संत परंपरा एवं आश्रम को दुष्प्रचारित करने का असफल प्रयास किया जाता रहा है। इसके बावजूद संत समाज इस देश की सेवा और विश्व कल्याण की भावना से मानवतावादी कार्य को आगे बढ़ाता रहा है। 

डेरा सच्चा सौदा के संत गुरमीत राम रहीम सिंह ने अनेक जन कल्याणकारी कार्य किए हैं, जैसे सभी प्रकार के नशे रोकना, स्वच्छता अभियान, महिलाओं का उत्थान, वृक्षारोपण, किन्नरों का उत्थान, रक्तदान, नेत्रदान, देहदान एवं देश के युवक-युवतियों का चारित्रिक निर्माण आदि अतुलनीय कार्य किए गए हैं। ये अति सराहनीय हैं।

इस कोरोना काल में भी गुरमीत राम रहीम सिंह की प्रेरणा से इनके लाखों शिष्यों द्वारा गरीब जरूरतमंदों को भोजन, कपड़ा, मकान, शिक्षा, चिकित्सा एवं हर प्रकार से जन कल्याण कार्य किया जा रहा है। गुरमीत राम रहीम सिंह द्वारा जाति, क्षेत्र, लिंग भेद आदि से ऊपर उठकर जो मानवता की सेवा की गई है। यह हरियाणा ही नहीं बल्कि देश के लिए गौरवान्वित करने वाला है। 

महासभा ने पत्र में लिखा कि कोरोना काल के दृष्टिगत विश्व के अनेक देशों जैसे अमेरिका, ईरान आदि जेलों में बंद लोगों को रिहा किया गया। भारत में भी सर्वोच्च न्यायालय ने जेलों में बंद लोगों की सुरक्षा को लेकर रिहाई एवं जमानत पर सकारात्मक टिप्पणी की है। अत: आपसे विनम्र निवेदन है कि गुरमीत राम रहीम सिंह को तत्काल ससम्मान रिहा किया जाए। 

इसके लिए सरकार की तरफ से ठोस कदम उठाया जाना देश व समाज के लिए अति आवश्यक है, ताकि कोरोना काल में पूज्य संत अपने शिष्यों व भक्तों के साथ देश व मानवता की सेवा को और गति दे सकें। हमें आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि इनकी रिहाई देश एवं समाज के लिए मंगलकारी होगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!