Edited By Krishan Rana, Updated: 05 May, 2026 04:06 PM
हरियाणा के फरीदाबाद में तिगांव थाना क्षेत्र के मंझावली रोड पर गांव घरौड़ा के पास चलती सिटी बस में अचानक आग
फरीदाबाद (अनिल राठी): हरियाणा के फरीदाबाद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां तिगांव थाना क्षेत्र के मंझावली रोड पर गांव घरौड़ा के पास चलती सिटी बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
वायर में शॉर्ट-सर्किट हुआ
बस के ड्राइवर ने बताया कि वो मंझावली-बल्लभगढ़ रूट पर बस नंबर 0909 चलाते है। आज 1 बजे के बाद वह बल्लभगढ़ बस डिपो के लिए वापस आ रहे थे। हादसे के समय बस में केवल एक ही सवारी मौजूद थीं, जिसे ड्राइवर ने समय रहते सुरक्षित बाहर उतार लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वायर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
बस चालक मनोहर ने बताया कि वह मंझावली रोड पर बस चला रहे थे। जैसे ही बस गांव घरौड़ा के पास पहुंची, बस के इंजन से धुआं उठने लगा और चिंगारी निकलने लगी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बस रोककर बस में बैठी एक सवारी को नीचे उतार लिया। बस में आग लगने से पहले ही सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर उतार दिया गया ।
इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। चालक ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की कोई जान की हानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)