Women's Day पर महिलाओं को बड़ा तोहफा, सीएम सैनी ने की ये घोषणा..

Edited By Yakeen Kumar, Updated: 08 Mar, 2025 08:15 PM

a big gift to women on women s day cm saini made this announcement

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और देश सब आगे बढ़ते हैं।

पंचकूला : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में वहां की महिलाओं का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण होता है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और देश सब आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास और गर्व है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत में अगर किसी का सबसे बड़ा योगदान होगा तो वो इस देश की माताओं बहनों बेटियों का होगा। सीएम सैनी आज पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री सैनी ने महिला दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए महिला कल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के कार्यालयों में नियमित महिला सरकारी कर्मचारियों को अब प्रतिवर्ष 20 की बजाय 25 छुट्टियां मिलेंगी। इसी प्रकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम में काम कर रही महिला कर्मियों को प्रतिवर्ष 10 छुट्टियां मिलती थी। अब इन वार्षिक अवकाश के अलावा महिला कर्मचारियों को प्रतिमाह एक अतिरिक्त छुट्टी दी जाएगी। इस तरह इन कर्मचारियों को 10 की बजाय 22 छुट्टियां मिलेगी। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमने हरियाणा में महिला कृषि वृद्धि योजना शुरू करके कृषि परिवारों में महिलाओं की पशुधन पालन, मधुमक्खी पालन, झोंगा पालन, डेयरी फार्मिंग और अन्य कृषि उद्यम जैसी गतिविधियों के लिए ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करने का संकल्प लिया था।

मुख्यमंत्री ने की 3 नए पोर्टलों की शुरूआत

इसके अलावा नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, आपकी बेटी-हमारी बेटी के लिए एमआईएस पोर्टल और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।

लैंगिक समानता नारा नहीं, बल्कि जन आंदोलन- सीएम

उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता केवल महिलाओं का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब हम महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर देते हैं, तो पूरा समाज आगे बढ़ता है। जब महिलाओं को सम्मान अवसर और समान अधिकार मिलते हैं, तब एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है।

मुख्यमंत्री ने लिंगानुपात सुधार करने वाले इन जिलों को किया सम्मानित

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने लिंगानुपात में सुधार हेतु जिलों को राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। करनाल और यमुनानगर जिले को संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने करनाल के उपायुक्त श्री उत्तम सिंह और यमुनानगर के उपायुक्त श्री पार्थ गुप्ता को 2.50-2.50 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। जिला महेंद्रगढ़ को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उपायुक्त डाॅ विवेक भारती को 3 लाख रुपये और जिला भिवानी को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर उपायुक्त श्री महावीर कौशिक को 2 लाख रुपये पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों की पोषण स्थिति में अधिकतम सुधार लाने के लिए तीन सर्वश्रेष्ठ जिलों को पोषण पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने उपायुक्त यमुनानगर को प्रथम, उपायुक्त कुरुक्षेत्र को द्वितीय तथा उपायुक्त भिवानी को तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए क्रमश 2 लाख रुपये, एक लाख रुपये तथा 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने  जिला करनाल की श्रीमती शांता रंगा को 5 लाख रुपये की राशि का सुषमा स्वराज पुरस्कार, जिला हिसार की कुमारी बाला वर्मा और जिला जींद की रेखा रानी धीमान को 1.50-1.50 लाख रुपये की राशि के इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।

महिला सशक्तिकरण कई योजनाएं- श्रुति 

इस अवसर पर संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए गए है, जिसका सीधा लाभ हमारी माताओं और बहनों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिन रात प्रदेश के विकास के लिए नोन स्टाॅप गति से कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की पावन धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश पूरे विश्व को दिया।

विधायी कार्यों से महिलाओं और विद्यार्थियों को जागरूक  करने के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे- हरविंद्र कल्याण

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हमारी बेटियों में प्रतिभा कूट कूट कर भरी है और आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बहन बेटियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए है परंतु सरकार के साथ साथ हम सबको मिलकर इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विधाययी कार्यों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा विधानसभा द्वारा लोकसभा और राज्य सरकार के सहयोग से आने वाले समय में महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर कालका की विधायिका शक्ति रानी शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डाॅ साकेत कुमार, उपायुक्त  मोनिका गुप्ता, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, महापौर कुलभूषण गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित अन्य अधिकारी व प्रदेशभर से आई महिलाएं उपस्थित थी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!