Edited By Isha, Updated: 26 Feb, 2026 01:58 PM

साइबर ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम से विज्ञापन तैयार कर स्टॉक मार्केट में निवेश कर सेना से सेवानिवृत्त बुजुर्ग से 40.52 लाख रुपए ठग लिए। बुजुर्ग वित्त मंत्री द्वारा योजना की जानकारी देने को सच मानकर पैसा निवेश करता रहा।
कुरुक्षेत्र: साइबर ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम से विज्ञापन तैयार कर स्टॉक मार्केट में निवेश कर सेना से सेवानिवृत्त बुजुर्ग से 40.52 लाख रुपए ठग लिए। बुजुर्ग वित्त मंत्री द्वारा योजना की जानकारी देने को सच मानकर पैसा निवेश करता रहा।
थानेसर के गांव बगथला निवासी शकीन सिंह ने बताया कि वह आर्मी से सेवानिवृत्त है। 17 जनवरी को उसने अपनी फेसबुक आईडी पर एक ग्लोबल टेक न्यूज नाम से लिंक देखा। लिंक को खोला तो इसमें देश की वित्त मंत्री बोल रही थी कि पैसे कमाने के लिए नीचे दिए लिंक पर खुद को रजिस्टर्ड करें। जिसके बाद आपको खाता मैनेजर की कॉल आएगी। उसमें खाते से 21 हजार रुपए डालकर खुद को रजिस्टर्ड करें, हर सप्ताह 50/60 हजार रुपए की आमदनी शुरू करने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने यकीन कर फेसबुक पर आए लिंक पर खुद का मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी डालकर रजिस्टर्ड कर लिया। कुछ 20 देर बाद फोन पर इंटरनेशनल नंबर से कॉल आई।
कॉलर ने कहा कि अपने केंद्रीय वित्त मंत्री के बताए अनुसार खुद को ट्रेडिंग के लिए रजिस्टर्ड किया है, इसलिए मैंने आपको फोन किया है। सामने वाले ने कहा कि मैं आपके लिए एक ट्रेडिंग खाता खोल रहा हूं। जिसमें वित्त मंत्री के बताए अनुसार 21 हजार रुपए डालने हैं। कहा कि आप सीनियर सिटीजन हैं। इसलिए आपको डिस्काउंट भी मिलेगा।
आप अपने लैपटॉप पर प्रोएक्सट्रेंड डॉट कॉम लिंक खोलें। मैं आपका ट्रेडिंग खाता खोलने में मदद करूंगा। शिकायतकर्ता ने यकीन कर अपने लैपटॉप पर प्रोएक्सट्रेंड डॉट कॉम (Proxtrend.com) वेबसाइट खोली। कॉलर ने बताया कि उसका खाता खुल गया है। उसने 19,234 रुपए शिकायतकर्ता के बैंक खाते से इस खाते में जमा करा लिए। कुछ दिन बाद फिर फोन आया। आपने जो 19,234 रुपए डाले थे, उसमें आपने प्रॉफिट कमाया है, जो आपके खाता में दिख रहा है।
आप खाता में ज्यादा पैसे डालते हैं, तो और अधिक प्रॉफिट मिलेगा। यकीन कर अलग-अलग तारीखों में शिकायतकर्ता से इन्वेस्टमेंट/ट्रेडिंग के नाम पर कुल 40.52 लाख रुपए डलवा लिए। इस तरह ठगों ने वित्त मंत्री के नाम से विज्ञापन बनाकर उससे ठगी की है।