Edited By Krishan Rana, Updated: 13 Mar, 2026 05:46 PM

जिले के व्यासपुर क्षेत्र में सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी की मार्किंग न होने के कारण दर्दनाक
यमुनानगर : जिले के व्यासपुर क्षेत्र में सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी की मार्किंग न होने के कारण दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली उछलने से ट्रॉली में बैठी 7 वर्षीय बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव शेकपुरा निवासी 7 वर्षीय मानवी अपने परिवार के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर में माथा टेकने जा रही थी। शाम करीब 6 बजे व्यासपुर में न्यू हैप्पी स्कूल के सामने सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियों की मार्किंग नहीं थी। अंधेरा होने के कारण चालक को स्पीड ब्रेकर का अंदाजा नहीं लग पाया और ट्रैक्टर अचानक उछल गया।
ट्रैक्टर के उछलने से ट्रॉली में बैठी मानवी सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत व्यासपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गाबा अस्पताल रेफर कर दिया गया। गाबा अस्पताल में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बच्ची को पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया। यहां बुधवार देर शाम इलाज के दौरान मानवी ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)