Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 30 Apr, 2026 08:41 PM

गुड़गांव पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब न्याय की मांग को लेकर एक युवती पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने के लिए पहुंच गई। यहां उसने हाई वोल्टेज ड्रामा किया और आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन कमिश्नर ऑफिस के मेन गेट पर मौजूद...
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब न्याय की मांग को लेकर एक युवती पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने के लिए पहुंच गई। यहां उसने हाई वोल्टेज ड्रामा किया और आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन कमिश्नर ऑफिस के मेन गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवती के हाथ में जैसे ही पेट्रोल की बोतल देखी तो उन्होंने यह बोतल छीन ली जिसके बाद युवती मेन गेट पर बने संतरी रूम के बाहर जोर-जोर से रोने लगी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने 28 जनवरी को महिला थाना सेक्टर-51 में सोनू मलिक नामक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 64(2)(M) के तहत केस दर्ज कराया था। आरोप था कि सोनू ने युवती के साथ शादी का झांसा देकर 30 जनवरी 2024 से 30 सितंबर 2025 तक कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे। इस मामले में पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन आज तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष की तरफ से उन पर दबाव बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं उसे मारने की भी लगातार धमकी दी जा रही है। इस बारे में वह महिला थाना प्रभारी को भी अवगत करा चुकी हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। आरोपी खुलेआम घूम रहा है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे खाली कागजों पर दस्तखत और अंगूठे लगवाए तथा समझौते के लिए जबरदस्ती दबाव डाला जा रहा है। वे कहते हैं कि केस वापस ले लो, वरना जान से मार देंगे। पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है।
युवती का कहना है कि वह न्याय के लिए थाने के चक्कर लगा-लगाकर थक चुकी हैं और आज न्याय के लिए वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची। दोपहर करीब एक बजे जब वह यहां पहुंची तो उसके हाथ में पेट्रोल की बोतल और माचिस थी। पुलिस कमिश्नर कार्यालय के गेट पर ही उसने जब अपने उपर पेट्रोल डालने के लिए बोतल निकाली तो उसे यहां मौजूद पुलिसकर्मी ने रोक लिया और उसके हाथ से पेट्रोल से भरी बोतल और माचिस छीन ली। जिसके बाद युवती ने यहां जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया। ऐसे में पास ही मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी आ गए जिन्होंने युवती को काबू किया और आला अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी।