Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 06 Jun, 2026 07:11 PM

कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। केएमपी पर ट्रक व कैंटर की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक भयंकर आग लग गई।
गुड़गांव, (ब्यूरो): कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। केएमपी पर ट्रक व कैंटर की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक भयंकर आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक का 22 वर्षीय चालक क्षतिग्रस्त कैंटर के कैबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग की ऊंची लपटों के बीच जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात डेढ़ बजे दर्दनाक हादसा हुआ। दमकल की गाडियों ने जबतक आग पर काबू पाया गया,तब तक कैंटर पूरी तरह जल गया था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, यह भीषण हादसा पलवल से कुंडली की तरफ जाने वाले कैरिजवे पर फर्रुखनगर के पास पातली हाजीपुर गांव के नजदीक हुई।शनिवार तड़के करीब डेढ़ बजे एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि दो बड़े ट्रकों में जोरदार भिड़ंत हो गई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के इंजन और केबिन आपस में बुरी तरह पिचक गए। टक्कर लगते ही गाड़ियों में शॉर्ट सर्किट या फ्यूल टैंक फटने के कारण भीषण आग लग गई। जब तक पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं, तब तक दोनों ट्रक पूरी तरह आग के गोले में तब्दील हो चुके थे।
हादसे का शिकार हुए मृतक चालक की पहचान 22 वर्षीय दीपू कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था और वर्तमान में मानेसर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, दीपू कुमार कैंटर चला रहा था। एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे एक अन्य ट्रक से दीपू के कैंटर की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दीपू का कैबिन आगे वाले ट्रक में पूरी तरह धंस गया। पैर और शरीर कैबिन में फंस जाने के कारण वह आग लगने के बाद भी बाहर नहीं निकल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को रात करीब 1:57 बजे सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मानेसर और पटौदी फायर स्टेशनों से एक-एक दमकल की गाड़ी तुरंत मौके पर भेजी गई। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि जब वे पीछे वाले ट्रक के ड्राइवर केबिन के पास पहुंचे, तो चालक की सीट पर दीपू कुमार का शव पूरी तरह जल चुका था। रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक कटर और स्प्रेडिंग टूल्स की मदद से पिचक चुके कैबिन के लोहे को काटा और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जले हुए शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
इस भीषण हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे के इस रूट पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। दमकल अभियान पूरा होने और क्रेन की मदद से दोनों जलकर खाक हो चुके ट्रकों को सड़क के बीच से हटाने के बाद ही यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह टक्कर कैसे हुई और वाहनों में इतनी भीषण आग किस वजह से लगी। मृतक चालक दीपू के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।