Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Jul, 2026 05:06 PM
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य समाधान निकालना नहीं, बल्कि हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर माहौल बिगाड़ना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता "हाथ में पेट्रोल का कनस्तर लेकर घूमते रहते हैं और जहां कहीं भी छोटी सी चिंगारी दिखाई देती है, वहां पेट्रोल डालकर आग भड़काने का प्रयास करते हैं।
विज ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर केंद्र सरकार पहले से ही पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं देर रात तक इस विषय पर लगातार निगरानी रखते रहे और युवाओं की भावनाओं को समझते हुए आवश्यक कदम उठाए। पेपर लीक की घटनाएं सामने आते ही सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
सरकार निष्पक्ष परीक्षाओं के लिए प्रतिबद्ध, विपक्ष आंदोलन की आड़ में राजनीति कर रहा था
अनिल विज ने कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की पक्षधर रही है। सरकार की मंशा हमेशा रही है कि परीक्षाएं पूरी ईमानदारी से हों और किसी भी प्रतिभाशाली युवा के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के आंदोलन की आड़ लेकर अपना राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन जनता ने उनकी मंशा को समझ लिया और उनका प्रयास सफल नहीं हो सका।
हमने आंदोलनों में लाठियां खाई हैं, लेकिन पहले की सरकारें नहीं सुनती थीं : विज
विज ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से एक बात स्पष्ट हुई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता की भावनाओं को समझते हैं और उनके साथ भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश ने अनेक बड़े आंदोलन देखे हैं, जिनमें लोगों ने लाठियां खाईं, गोलियां चलीं और कई लोगों ने अपनी जान तक गंवाई, लेकिन तब की सरकारें जनता की मांगों पर ध्यान देने को तैयार नहीं होती थीं।
उन्होंने कहा, "हमने स्वयं आंदोलनों में डंडे खाए हैं, लेकिन सरकारें टस से मस नहीं होती थीं। आज की सरकार लोकतांत्रिक सोच के साथ काम करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने साबित किया है कि भारतीय जनता पार्टी जनता की भावनाओं का सम्मान करने वाली सरकार है और 140 करोड़ देशवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
जो कहा, वह करके दिखाया; संसद में भी विपक्ष ने किया हंगामा
पेपर लीक रोकने से जुड़े विधेयक पर संसद में विपक्ष के विरोध को लेकर विज ने कहा कि विपक्ष वहां भी आग में घी डालने का काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि देश में पहले भी विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन अंतर इस बात का है कि किस सरकार ने दोषियों के खिलाफ कितनी गंभीरता से कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर भी दिखाती है। सरकार ने जो भी वादे किए हैं, उन्हें समय-समय पर पूरा किया है और पेपर लीक पर भी कठोर कानून लाकर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है।
'वन नेशन-वन इलेक्शन' से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति : विज
'वन नेशन-वन इलेक्शन' के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि देश में लगभग पूरे वर्ष किसी न किसी राज्य में चुनाव चलते रहते हैं, जिससे सरकारों का ध्यान और संसाधन चुनावी गतिविधियों में लगे रहते हैं। इसके कारण जनकल्याण और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जाते हैं तो सरकारी खर्च में भारी कमी आएगी, प्रशासनिक मशीनरी पर दबाव घटेगा और विकास योजनाओं को अधिक गति मिलेगी। विज ने कहा कि यदि वर्ष 2029 तक 'वन नेशन-वन इलेक्शन' की व्यवस्था लागू होती है तो यह देश और जनता दोनों के लिए ऐतिहासिक तथा लाभकारी कदम साबित होगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)