Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 23 Jun, 2025 02:45 PM

हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने एक नए युग में प्रवेश किया है। यह 11 वर्ष केवल शासनकाल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का वह दौर है जिसमें भारत ने अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक विकास की नई...
गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने एक नए युग में प्रवेश किया है। यह 11 वर्ष केवल शासनकाल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का वह दौर है जिसमें भारत ने अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। खेल राज्य मंत्री सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर मानेसर में भारतीय जनता पार्टी के ग्रामीण जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा ये चार स्तंभ मोदी सरकार के सुशासन के केंद्र बिंदु हैं। अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ पिछले 11 वर्षों में 29 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। जल जीवन मिशन से 15 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से 4 करोड़ परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। हमारी मातृशक्ति के सम्मान को बरकरार रखने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश खुले में शौच से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्णयों में दृढ़ता और देशहित सर्वोपरि रहा है। चाहे जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात हो, पुलवामा हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो, या फिर हाल ही में ‘चिनाब ब्रिज’ के ज़रिए कश्मीर घाटी को देश से जोड़ना, उनका हर निर्णय एक नए भारत की नींव रखता है।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और निराशा का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और विकास की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसका परिणाम आज विश्व मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान, मंगलयान और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को विश्व की अग्रणी टेक्नोलॉजी शक्ति बना दिया है। वर्ष 2014 में 10वीं स्थान पर रही भारतीय अर्थव्यवस्था आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गई है। गौरव गौतम ने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा से शुरू हुआ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान व निर्धारित लक्ष्यों के तहत उसके परिणाम इन्ही सार्थक प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 490 थी जोकि अब बढ़कर 1213 हो गयी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जहां देश में मात्र 74 एयरपोर्ट थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 160 हो गई है। पीएम गतिशक्ति, भारतमाला और सागरमाला परियोजनाओं ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी है।
खेल राज्य मंत्री ने विकास की इस महत्वपूर्ण यात्रा में हरियाणा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ने किसानों के कल्याण, औद्योगिक निवेश, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने में अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने हर बार हरियाणा को बड़ी-बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है। देश मे यह पहली सरकार है जिसने कौशल विकास की दिशा में आगे कदम बढ़ते हुए हुए पलवल में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। खेल विभाग की तुलना करते हुए गौरव गौतम ने बताया कि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों (2004–2014) में खिलाड़ियों को केवल 38.45 करोड़ रुपये कैश अवॉर्ड दिए गए, जबकि वर्तमान सरकार ने 2014 से 2024 तक 592.84 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड खिलाड़ियों को दिया है। यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा की नायब सैनी सरकार खिलाड़ियों के उत्थान के लिए कितनी प्रतिबद्ध है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भर्ती का ऐसा पारदर्शी सिस्टम खड़ा किया है। जिसका अनुशरण आज देश के अन्य राज्य भी कर रहे हैं।