Edited By Isha, Updated: 31 May, 2026 06:04 PM

कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक (एलएनजेपी) अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल में कार्यरत एक कंसल्टेंट चिकित्सक पर लगाए
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक (एलएनजेपी) अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप अस्पताल में कार्यरत एक कंसल्टेंट चिकित्सक पर लगाए गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं तथा जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की 29 मई को अपने पिता के साथ पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के चलते अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे महिला वार्ड में भर्ती किया गया। बाद में तबीयत बिगड़ने और अधिक रक्तस्राव की शिकायत पर उसे आपातकालीन वार्ड में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार आपातकालीन वार्ड में पहुंचने के बाद लड़की ने वरिष्ठ चिकित्सकों को बताया कि उसके साथ अस्पताल में यौन उत्पीड़न हुआ है। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। चिकित्सकीय दस्तावेजों में भी यौन उत्पीड़न संबंधी आरोपों का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई है।
मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपित चिकित्सक पूर्व में प्राथमिक चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में कंसल्टेंट के रूप में सेवाएं दे रहे थे।
उधर, केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पीड़िता नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान से जुड़ी किसी भी जानकारी को गोपनीय रखा गया है।