Haryana Budget: 10 वर्षों में बजट में हुई 1.18 लाख करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बढ़ौतरी!

Edited By Isha, Updated: 17 Mar, 2025 07:08 PM

record increase of rs 1 18 lakh crore in the budget in 10 years

हरियाणा में अक्तूबर 2014 में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद अब तक सरकार द्वारा 11 बजट पेश किए जा चुके हैं और 2015-16 की तुलना में पिछले दस वर्षों में हरियाणा के बजट में 1 लाख 18 हजार 408 करोड़

चंडीगढ़(संजय अरोड़ा): हरियाणा में अक्तूबर 2014 में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद अब तक सरकार द्वारा 11 बजट पेश किए जा चुके हैं और 2015-16 की तुलना में पिछले दस वर्षों में हरियाणा के बजट में 1 लाख 18 हजार 408 करोड़ रुपए की बढ़ौतरी हुई है। साल 2015-16 में तत्कालीन वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यू ने 86 हजार 609 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया था और सोमवार को मुख्यमंत्री व वित्त मंत्रालय के प्रभारी के तौर पर नायब सिंह सैनी ने 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया।


गौरतलब है कि अक्तूबर 2014 में भाजपा ने पहली बार अपने बलबूते पर सरकार बनाई और मार्च 2015 में तत्कालीन वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यू ने पहला बजट पेश किया था। उनका पहला बजट करीब 86 हजार करोड़ का रहा। 2016-17 में कैप्टन अभिमन्यू ने 90 हजार 412 करोड़ रुपए, 2017-18 में 1 लाख 2 हजार 329 करोड़ रुपए, 2018-19 में 1 लाख 10 हजार 401 करोड़ रुपए, 2019-20 में 1 लाख 29 हजार 358 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। अक्तूबर 2019 में भाजपा ने दूसरी बार सरकार बनाई और मनोहर लाल खट्टर दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। इस बार मनोहर लाल ने वित्त मंत्रालय अपने पास रखा और उन्होंने 2020-21 में 1 लाख 42 हजार 343 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। 

पिछली बार मनोहर लाल ने किया था 1.80 लाख करोड़ का बजट पेश
इसी तरह से मनोहर लाल ने 2021-22 में 1 लाख 53 हजार 384 करोड़ रुपए, 2022-23 में 1 लाख 66 हजार 371 करोड़ रुपए, 2023-24 में 1 लाख 77 हजार 255 करोड़ रुपए, 2024-25 में 1 लाख 80 हजार 313 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। सोमवार को नायब सिंह सैनी ने अपना पहला बजट प्रस्तुत किया और यह बजट 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ रुपए का रहा। इस तरह से पिछले दस वर्षों में हरियाणा का बजट दोगुणे से भी अधिक हो गया है।

सोमवार को गोहाना के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा गोहाना की खास जलेबियां लेकर विधानसभा में पहुंचें। इसके बाद सभी प्रतिनिधियों ने सहभोज किया और मुख्यमंत्री ने सभी के साथ जलेबियों को स्वाद लिया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण तथा कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा भी विशेष तौर पर मौजूद थे। इसके बाद सैनी ने टवीट करते हुए लिखा कि ‘जनहित म्ह वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश कर दिया सै। 2.80 करोड़ परिवारजन्या नै बधाई, इसे खुशी म्ह मुंह मीठा करल्यो सारै बाहण अर भाई।’

कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य पर किया विशेष फोकस
खास पहलू यह है कि भाजपा सरकार ने अपने प्रत्येक बजट में ही शिक्षा, कृषि एवं स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया है। 2023-24 में कृषि का बजट 4037 करोड़ रहा जो 2024-25 में बढक़र 5563 करोड़ कर दिया गया जबकि इस बार कृषि का बजट 7600 करोड़ रुपए है। इसी तरह से 2023-24 में शिक्षा का बजट 18520 करोड़ रुपए था जो 2024-25 में 20408 करोड़ रुपए हो गया। इस बार शिक्षा का बजट 22312 करोड़ रुपए है। 2023-24 में स्वास्थ्य का बजट 8006 करोड़ था, 2024-25 में 9835 करोड़ रुपए जबकि इस बार यह बजट 10539 करोड़ रुपए हो गया है।


इसी तरह से 2023-24 में ग्रामीण विकास का बजट 4848 करोड़ रुपए तथा 2024-25 में यह बजट 5629 करोड़ रुपए रहा। इस बार ग्रामीण विकास का बजट 7313 करोड़ रुपए है। इसी तरह से 2023-24 में परिवहन विभाग का बजट 3395 करोड़ रुपए था जो 2024-25 में 3627 करोड़ रुपए हो गया। इस बार परिवहन विभाग का बजट 3604 करोड़ रुपए है। इसी तरह से शहरी विकास के बजट में भी साल-दर-साल वृद्धि की गई है। 2023-24 में शहरी विकास का बजट 3874 करोड़ रुपए था जो 2024-25 में बढक़र 4244 करोड़ रुपए हो गया और इस बार यह बजट 5911 करोड़ रुपए है।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!