Edited By Krishan Rana, Updated: 19 Mar, 2026 07:55 PM

पलवल जिले के घररोट गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नवविवाहित दंपति ने
पलवल (गुरुदत्त) : पलवल जिले के घररोट गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नवविवाहित दंपति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर की ऊपरी मंजिल पर कमरे में फंदे से लटके मिले। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान हंसराज (पुत्र टीकम सिंह) और उसकी पत्नी प्रीति के रूप में हुई है। दोनों की शादी 1 मार्च, 2025 को हुई थी और अभी शादी को महज एक साल 18 दिन ही हुए थे। बताया जा रहा है कि हंसराज हथीन में एक दुकान पर नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था और वह घर का इकलौता कमाने वाला था।
अचानक हुई इस घटना से परिवार वाले स्तब्ध
वहीं ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, दिव्यांग बड़ा भाई और एक विवाहित बहन है। ऐसे में इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और भरण-पोषण को लेकर चिंता गहरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था, जिससे अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में बीएनएस की धारा 94 के तहत कार्रवाई की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)