बुजुर्ग हत्याकांड में लापरवाही! एक आरोपी जेल गया तो दूसरा कस्टडी से फरार, जांच अधिकारी को नोटिस

Edited By Isha, Updated: 16 Oct, 2026 02:09 PM

one accused sent to jail while another escapes from custody

सोनीपत के गांव कवाली में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि आपसी विवाद के चलते दो युवकों ने बुजुर्ग लाल सिंह के सिर पर लाठी से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत...

सोनीपत(सुशील मोर):  सोनीपत के गांव कवाली में बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि आपसी विवाद के चलते दो युवकों ने बुजुर्ग लाल सिंह के सिर पर लाठी से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में लापरवाही के सवालों के बीच जांच अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है। फिलहाल खरखौदा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती 5 अक्टूबर की देर रात गांव कवाली की है। गांव के रहने वाले रवि और रविंदर पर बुजुर्ग लाल सिंह के सिर पर लाठी से हमला करने का आरोप है। लाल सिंह पेशे से मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते थे।घटना वाली रात वह गांव के बाहर मिट्टी के बर्तन पकाने की जगह देखने के लिए गए थे।आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय दोनों युवक शराब के नशे में थे।हमले में लाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बेसुध होकर वहीं गिर पड़े। कुछ देर बाद होश आने पर वह किसी तरह अपने घर पहुंचे। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। 

आज इलाज के दौरान लाल सिंह ने दम तोड़ दिया।बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।वहीं, परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले में पुलिस की हिरासत से रविंदर नाम का आरोपी फरार हो गया।हालांकि, पुलिस ने दूसरे आरोपी रवि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

 वहीं, मामले को लेकर एसीपी जोगिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपियों को हिरासत में लिया था। हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है और उससे जवाब मांगा गया है।एसीपी ने कहा कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, इस मामले में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खरखौदा थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!