Edited By Manisha rana, Updated: 31 Jul, 2025 07:46 AM

रेवाड़ी के प्रख्यात पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव एक बार फिर भारत का नाम गौरवान्वित करने को तैयार हैं। इस स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को वे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराएंगे।
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के प्रख्यात पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव एक बार फिर भारत का नाम गौरवान्वित करने को तैयार हैं। इस स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को वे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराएंगे। खास बात यह है कि यह उनका इस शिखर पर तीसरा सफल प्रयास होगा, जिससे वे इसे सबसे अधिक बार फतह करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। यह उपलब्धि उन्हें एक अनूठे विश्व रिकॉर्ड के रूप में स्थापित करेगी।
6 अगस्त को रूस के लिए रवाना होंगे नरेंद्र
नरेंद्र 6 अगस्त को रूस के लिए रवाना होंगे और वहां एक अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण टीम का नेतृत्व करेंगे, जो भारत के लिए गौरव की बात है। इससे पहले वे वर्ष 2017 और 2023 में भी इस शिखर पर विजय प्राप्त कर चुके हैं। नरेंद्र न केवल पर्वतारोहण में अग्रणी हैं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समर्पण में भी उनका विशेष योगदान है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और विश्व हिंदू परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने "रन फॉर राम" नाम से एक अल्ट्रा मैराथन अभियान शुरू किया है, जिसमें वे चार दिशाओं से अयोध्या को जोड़ते हुए अब तक रामेश्वरम, सोमनाथ और बूढ़ा अमरनाथ से 6211 किलोमीटर दौड़ चुके हैं। वे प्रतिदिन औसतन 51 किलोमीटर की दौड़ पूरी करते हैं। इस अभियान की अंतिम कड़ी जनवरी 2026 में परशुराम कुंड (अरुणाचल प्रदेश) से शुरू होगी।
नरेंद्र का अगला लक्ष्य एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम को पूरा करना
अब नरेंद्र का अगला लक्ष्य एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम को पूरा करना है, जिसमें सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों के साथ-साथ उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचना शामिल है। साथ ही वे सातों महाद्वीपों के ज्वालामुखीय पर्वतों पर भी चढ़ाई कर भारत का नाम विश्व पटल पर और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं। स्वतंत्रता दिवस पर जब माउंट एल्ब्रस की चोटी पर तिरंगा लहराएगा, तो वह क्षण भारत के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और असीम संभावनाओं का प्रतीक बन जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)