Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 03 Aug, 2026 08:59 PM

गोरक्षक मोनू मानेसर मोहित यादव उर्फ मोनू मानेसर को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने की गंभीर धमकी दी गई है। इस मामले को लेकर मोनू मानेसर ने थाना प्रभारी मानेसर को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज...
गुड़गांव, (ब्यूरो): गोरक्षक मोनू मानेसर मोहित यादव उर्फ मोनू मानेसर को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने की गंभीर धमकी दी गई है। इस मामले को लेकर मोनू मानेसर ने थाना प्रभारी मानेसर को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मोहित यादव उर्फ मोनू मानेसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अगस्त की देर रात मोनू मानेसर के भाई रोहित उनके नाम से बने इंस्टाग्राम अकाउंट का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान सैफ अली खान नामक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर ऑडियो कॉल करके गंभीर आपराधिक धमकियां दीं। आरोपी ने दावा किया कि वह पाकिस्तान के शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक व आतंकी नेटवर्क का नाम लेकर भयभीत करने का प्रयास किया और स्पष्ट रूप से कहा कि वह जल्द ही मोनू मानेसर को 100 गोलियां मारकर उनकी हत्या कर देगा।
आरोपी ने केवल मोनू मानेसर को ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला कर उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश निवासी उनके परिचित में भी जान से मारने की बात कही गई है। मोनू मानेसर का कहना है कि आरोपी का पाकिस्तानी गिरोह से जुड़ाव बताना और बम से उड़ाने जैसी बातें करना न केवल उनके परिवार की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील विषय है।
घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में सुरक्षित कर पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दिया गया है, ताकि उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा सके। शिकायत में मांग की गई है कि आरोपी सैफ अली खान और उसके सहयोगियों पर भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए, और मोनू मानेसर, उनके परिवार व सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।