सहेली के साथ घूमने निकली आर्टिस्ट से Scorpio सवार युवती व उसके साथी ने की अभद्रता, पीछा किया, गालियां दी, सोशल मीडिया पर बयां की खौफनाक रात की हकीकत

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 29 Oct, 2026 09:52 PM

artist out for outing with friend faces misbehavior from occupant of scorpio

सेक्टर-70 की ट्यूलिप सोसाइटी के पास पीजी में रहने वाली आर्टिस्ट और उसकी सहेली के साथ देर रात को अभद्रता करने, गाली गलौज करने सहित उनका पीछा करने का मामला सामने आया है।

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-70 की ट्यूलिप सोसाइटी के पास पीजी में रहने वाली आर्टिस्ट और उसकी सहेली के साथ देर रात को अभद्रता करने, गाली गलौज करने सहित उनका पीछा करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि रात को हुए इस घटनाक्रम से न केवल वह खौफजदा हैं बल्कि इस कृत्य ने महिला सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। हैरत की बात यह है कि इस पूरे कृत्य में एक युवती भी शामिल है। युवती ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार से बचने के लिए वह करीब 15 मिनट तक एक सोसाइटी में भी छिपे रहे, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। सोसाइटी से निकलकर जब वह अपने पीजी में जाने लगे तो स्कॉर्पियो सवार ने उनका पीजी तक पीछा किया और करीब 30 मिनट तक उनके पीजी के बाहर खड़े रहे। पीजी में रहने वाले युवकों की मदद से वह सुरक्षित हुए हैं। रात के अंधेरे की इस खौफनाक दास्तां को आर्टिस्ट ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बयां किया है जिसके बाद गुड़गांव पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

युवती ने सोशल मीडिया पर वीरवार दोपहर को बताया कि वह अपनी रूममेट के साथ बुधवार रात करीब पौने 9 बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए गई थी। वह रात को मेहंदी लगवाकर करीब सवा 10 बजे अपने पीजी वापस जाने के लिए मार्केट से चली थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो आकर उनके पास रुकी जिसमें करीब 25 साल की युवती और 45 साल का व्यक्ति था जिन्होंने उनसे रास्ता और लग्जरी पीजी के बारे में पूछा। इस पर उनकी रूममेट ने उनकी सहायता करते हुए एक ब्रोकर का नंबर दे दिया। इसके बाद उन्होंने पर्सनल सवाल-जवाब शुरू कर दिए। इतना ही नहीं उन्होंने यह तक पूछा कि गुड़गांव में रहते हुए आप लोग अपना खर्च कैसे मैनेज करते हो। इसके साथ ही उसने उन्हें नौकरी दिलाने और रुपए देने की बात करते हुए कुछ राजनेताओं के बारे में बताने लगा और अपने आप को एक शक्तिशाली व्यक्ति बताने का प्रयास करने लगा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि व्यक्ति ने शराब पी हुई थी और धीरे-धीरे वह उनके साथ अभद्रता करने लगा। इसके साथ ही उन्हें पांच सौ रुपए का नोट देने लगा और कहने लगा कि रुपयों से भरा बैग उनकी गाड़ी की डिग्गी में रखा हुआ है। युवतियों ने पोस्ट में बताया कि उन्होंने इस पर उन्हें अंकल कहते हुए यहां से जाने की बात कही ताकि उनके पीजी का गेट बंद न हो  जाए। अंकल कहने पर दोनों ही भड़क गए और उन्हें भला बुरा कहने लगे।

 

इसी दौरान गाड़ी में मौजूद युवती को उल्टी होने लगी। इस पर गाड़ी में मौजूद व्यक्ति ने उन्हें युवती के पास रुकने के लिए कहा ताकि वह पानी ले आए, लेकिन पास की दुकानों पर पानी नहीं मिला। इस पर दोनों सहेलियों ने एक व्यक्ति से मदद लेकर पानी की बोतल मंगवाई और गाड़ी में मौजूद उल्टी कर रही युवती की सहायता की। पानी की बोतल के लिए उन दोनों ही युवतियों ने पेमेंट कर दी। यह बात स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति को नागवार गुजरी और उसने पानी लाकर देने वाले व्यक्ति को गाली देनी शुरू कर दी और पानी बोतल के चार्ज देने के लिए उसे 500 रुपए जबरन उसकी जेब में डाल दिए। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति और युवती उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने के लिए दबाव बनाने लगे और उनके साथ कहीं चलकर खाना खाने की बात करने लगे। काफी प्रयास के बाद भी नहीं माने तो उन्होंने करीब 100 मीटर दूर एक मोमोज की दुकान होने की बात कही और वहां तक पैदल ही चलने की बात कही, लेकिन दोनों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया। 

 

गाड़ी में बैठते वक्त उन्होंने गाड़ी का आधा शीशा खोल दिया ताकि अगर यह गाड़ी न रोके तो वह चलती गाड़ी से कूद जाए। इसके बाद जब वह मोमोज की दुकान के पास जाकर रुके तो वह गाड़ी से नीचे उतरने लगे, लेकिन दोनों ने उन्हें गाड़ी में ही बैठे रहने के लिए कहा, लेकिन वह जबरन नीचे उतरे और उनके द्वारा दिए गए 500 रुपए वापस किए तो व्यक्ति का इगो हर्ट हो गया और वह उन्हें भला बुरा कहने लगा। किसी तरह वह मौके से भागकर ट्यूलिप सोसाइटी के पास पहुंचे और करीब 15 मिनट तक छिपे रहे। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण पूरी गली में अंधेरा था। 15 मिनट तक छिपे रहने के बाद उन्हें जब स्कॉर्पियो नजर नहीं आई तो वह बाहर निकली और अपने पीजी की तरफ जाने लगी। इसी दौरान वही स्कॉर्पियो दोबारा उनके पीछे आ गई। युवती ने पोस्ट में बताया कि इसके बाद यह दोनों उनका पीछा करने लगे। किसी तरह से वह अपने पीजी के पास पहुंचे और दौड़कर अंदर जाने लगे।

 

वह तो अंदर पहुंच गई, लेकिन उनकी सहेली अंदर नहीं आ पाई। इस पर वह पीजी से दो युवकों को लेकर आई और अपनी सहेली को अंदर लेकर आई। पीजी के युवकों ने उनकी मदद की, लेकिन आरोपी अपनी गाड़ी में करीब 30 मिनट तक उनके पीजी के बाहर खड़े रहे। उन्होंने बताया कि घबराहट में उन्होंने आरोपियों की या उनकी गाड़ी तक की फोटो नहीं ली। इतना ही नहीं वह गाड़ी का नंबर तक नोट नहीं कर पाई। सुबह 6 बजे तक वह डर के मारे सो भी नहीं पाए। अगले दिन सुबह उन्हें 9 बजे अज्ञात नंबर से उनका फोन आया जिस पर वह घबरा गए और फोन काट दिया। दोपहर होने तक दूसरे नंबर से सॉरी का मैसेज आया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरी रात वह डर के साए में रहे हैं उसे एक सॉरी बोल देने से खत्म नहीं किया जा सकता। इस कृत्य ने महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!