Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 31 Mar, 2026 10:20 PM

वित्त वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स और वाटर बिल जमा करने को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही निगम कार्यालयों में नागरिक पहुंचने शुरू हो गए और अंतिम दिन का लाभ उठाते हुए अपने बकाया बिल...
गुड़गांव, (ब्यूरो): वित्त वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स और वाटर बिल जमा करने को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही निगम कार्यालयों में नागरिक पहुंचने शुरू हो गए और अंतिम दिन का लाभ उठाते हुए अपने बकाया बिल जमा करवाए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक कुल एक वर्ष में 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में निगम के खजाने में जमा हुई। इसके साथ ही 56 करोड़ रुपए वाटर बिल के रूप में भी प्राप्त हुए, जो निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान है।
वहीं अंतिम दिन अवकाश होने के बावजूद भी नगर निगम गुरुग्राम के सभी कार्यालयों में स्थित नागरिक सुविधा केंद्र खुले रहे। इन केंद्रों पर टैक्स ब्रांच के अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन मौजूद रहे और नागरिकों की सहायता करते नजर आए। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई थी, जिसकी नागरिकों ने सराहना की। इससे बुजुर्गों को बिना किसी परेशानी के अपने बिल जमा करने में आसानी हुई।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अंतिम दिन भी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के नागरिकों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समय पर टैक्स जमा कर शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निगम द्वारा डिजिटल और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिकतम राजस्व संग्रह संभव हो सका। उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्ड संग्रह नगर निगम की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करेगा तथा शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी।