देश का भविष्य ’मेक इन इंडिया’ और ’मेड बाय इंडियंस’ में ही है : मनोहर लाल

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 03 Oct, 2025 07:12 PM

manohar lal said india future is make in india made by indians

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वदेशी हमारी संस्कृति और आत्मा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत नए आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। यह वही भारत है जो कभी दूसरों पर निर्भर रहता था, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया से मेक...

गुड़गांव, (ब्यूरो): केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वदेशी हमारी संस्कृति और आत्मा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत नए आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। यह वही भारत है जो कभी दूसरों पर निर्भर रहता था, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड का रूप ले चुका है। गुरुग्राम भाजपा कार्यालय गुरुकमल में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के अंदर कानाफूसी ज्यादा होती है। असमंजस की स्थिति के रहते कांग्रेस पार्टी को नेता प्रतिपक्ष बनाने में भी एक वर्ष का समय लग गया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 


मनोहर लाल ने कहा कि “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड“ का यह मंत्र, देश को रोजगार देगा, किसानों को नए अवसर देगा और युवाओं को उद्यमिता की ओर ले जाएगा। यह मंत्र गांव से लेकर महानगर तक नई ऊर्जा पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि हम विदेशी वस्तुओं के पीछे भागने के बजाय अब अपनी जड़ों को पहचान रहे हैं। दुनिया में योग, आयुर्वेद, हस्तशिल्प, परंपरागत उद्योग यह सब आज वैश्विक पहचान बना चुके हैं।


मनोहर लाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद की सरकारों ने पश्चिमी विकास मॉडल और आयात पर निर्भर मिश्रित अर्थव्यवस्था को अपनाया। हमारे उद्योग कमजोर हो गए और विदेशी निर्भरता बढ़ती चली गई। उन्होंने कहा कि 1964 में दत्तोपंत ठेंगड़ी ने स्वदेशी चेतना को फिर से पुनर्जीवित किया और हमें बताया कि आर्थिक आत्मनिर्भरता ही सुरक्षा है, भारतीय उद्योग और श्रमिक हमारी ताकत हैं, अंध पश्चिमीकरण से हमें सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल अवसंरचना और “वोकल फॉर लोकल“ जैसे अभियान इसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा तीनों मिलकर हमें याद दिलाती हैं कि हमारी शक्ति, हमारी संस्कृति और हमारी उद्योग-कुशलता ही भारत को आत्मनिर्भरता की ऊंचाइयों तक ले जाएगी।


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार स्वदेशी को बढ़ावा दे रही है। मेक इन इंडिया’ से लेकर ’स्टार्टअप इंडिया’, ’वोकल फॉर लोकल’ से लेकर ’आत्मनिर्भर भारत’ तक हर पहल का लक्ष्य यही है कि हम विदेशी निर्भरता कम करें और स्वदेशी उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाएं। श्री मनोहर लाल ने कहा कि अब स्वदेशी का स्वरूप केवल खादी या दीये तक सीमित नहीं है। आज यह ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर सेमीकंडक्टर तक, भारतीय भाषाओं और ज्ञान परंपराओं से लेकर विश्व स्तरीय वस्तु और शिल्प तक फैल चुका है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। पीएम मोदी के नेतृत्व में उद्योग मजबूत हो रहे हैं, कौशल और तकनीक को बढ़ावा मिल रहा है। हम न सिर्फ आत्मनिर्भर की ओर बढ़ रहे हैं बल्कि दुनिया को भी अपनी शक्ति का परिचय दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का भी मानना है कि “स्वदेशी उत्पादों का मतलब कम कीमत, अधिक शक्ति है। उन्होंने कहा कि अपनी गौरवशाली विरासत को भविष्य की तैयारी के साथ पुनः स्थापित करने का समय है। आत्मनिर्भर भारत का रास्ता स्वदेशी के प्रयोग और निर्माण से होकर निकलता है।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी स्वतंत्रता तभी सार्थक होगी जब हम आत्मनिर्भर बनेंगे। स्वावलंबन ही सच्ची स्वतंत्रता का मार्ग है। जब तक हम अपने अन्न, अपने वस्त्र, अपनी रक्षा और अपने उद्योगों के लिए दूसरों पर निर्भर रहेंगे, तब तक हमारी स्वतंत्रता अधूरी रहेगी। कोरोना के समय दुनिया की बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं डगमगा गई थी, तब भारत ने स्वदेशी वैक्सीन का निर्माण कर अपनी 140 करोड़ जनता को सुरक्षित किया और 100 से अधिक देशों को ’वैक्सीन मैत्री’ के तहत जीवनदान दिया। आज भारत न सिर्फ अपनी सेना के लिए आधुनिक हथियार बना रहा है, बल्कि कई देशों को रक्षा उपकरण निर्यात भी कर रहा है। ’मेक इन इंडिया’ और ’डिफेंस इंडिजिनाइजेशन’ के कारण आज टैंक से लेकर तोप और ड्रोन तक भारत में ही तैयार हो रहे हैं, यह आत्मनिर्भर भारत का सच्चा स्वरूप है।


 इसी आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आज स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस का निर्माण भारत में हो रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। भारत ने फिलीपींस को 374.96 मिलियन डॉलर की ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल निर्यात की है। उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव तक डिजिटल क्रांति पहुंची है। मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश बन गया है। आज पूरी दुनिया में भारत का गर्व बढ़ा रहा है। पहले हम तकनीक आयात करते थे, आज दुनिया भारत से सीख रही है, यह आत्मनिर्भर भारत का नया चेहरा है। आज जब भारत आत्मनिर्भरता की राह पर चल रहा है, तब जनता को समझना होगा कि देश का भविष्य ’मेक इन इंडिया’ और ’मेड बाय इंडियंस’ में ही है। उन्होंने सभी लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि ’वोकल फॉर लोकल’ बनें, अपने उद्योग, अपने कारीगर और अपने किसानों का समर्थन करें। आगामी 25 वर्ष हमारे लिए अमृतकाल है और यह एक ऐसा कालखंड है जिसमें हमें भारत को स्वदेशी का मार्ग पर चलते हुए नई दिशा देते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचना है। भारत किसी के आगे हाथ फैलाने वाला देश नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया में सम्मान के साथ खड़ा होगा।


मनोहर लाल ने कहा कि देशवासी जो भी खरीदें वो देश में ही बना होना चाहिए। अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। ये तब होगा जब हम देश में बनी हुई चीजों को गर्व से खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, स्वदेशी के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी संकल्प हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार अच्छा काम कर रही है। दस वर्षों में जो भी योजनाएं बनी है उन सभी पर काम चल रहा है। वहीं कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष को लेकर कहा कि यह कांग्रेस के घर का मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में निर्णय करने में असमंजस की स्थिति रहती है, कानाफूसी ज्यादा रहती है। मजबूत विपक्ष होते हुए भी कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष बनने में एक साल का समय लग गया, इसलिए कहीं ना कहीं दुविधा जरूर है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पर पूछे गए सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि वहां तो सिर मुंडाया और ओले पड़ गए वाली बात हो रही है।


केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक अन्य सवाल पर कहा कि बिना खर्ची और बिना पर्ची से युवाओं को जो नौकरियां मिली उसे जनता ने महसूस किया है, लेकिन कांग्रेस ने महसूस नहीं किया। अगर कांग्रेस पार्टी महसूस करती तो उसके नेता ऐसी भाषा नहीं बोलते कि कांग्रेस सरकार बनने पर नौकरियां दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्र्रेस ने तो जलेबी और रथ भी मंगवा लिए थे, लेकिन जनता भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी थी। प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता जवाहर यादव, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, बोधराज सीकरी, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, सह मीडिया प्रभारी राजन चौहान, पीयूष सैनी, वरूण चौहान आदि मौजूद रहे।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!