Edited By Harman, Updated: 08 Aug, 2026 12:53 PM

हरियाणा में सावन के पावन महीने के दौरान एक अनोखी कांवड़ यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ब्लॉक समिति सदस्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिमा को अपने कंधे पर रखकर हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर रहा है।
पंचकूला (उमंग) : हरियाणा में सावन के पावन महीने के दौरान एक अनोखी कांवड़ यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ब्लॉक समिति सदस्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रतिमा को अपने कंधे पर रखकर हरिद्वार से कांवड़ यात्रा कर रहा है।
शिवभक्त का कहना है कि वह गंगाजल लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भगवान शिव का जलाभिषेक कराएगा। शिवभक्त प्रतिदिन करीब 35 किलोमीटर पैदल यात्रा कर रहा है। लगातार पैदल चलने के कारण उसके पैरों में छाले पड़ गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उसकी आस्था और संकल्प में कोई कमी नहीं आई है। उसका कहना है कि भगवान शिव की कृपा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति सम्मान की भावना से वह यह कठिन यात्रा पूरी कर रहा है। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की प्रतिमा को विशेष रूप से अपने कंधे पर लेकर चलने वाला यह शिवभक्त लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
रास्ते में कई श्रद्धालु उसकी हौसला-अफजाई कर रहे हैं और उसकी अनोखी कांवड़ यात्रा को आस्था और समर्पण का प्रतीक बता रहे हैं। शिवभक्त ने कहा कि उसकी इच्छा है कि गंगाजल लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भगवान शिव का जलाभिषेक कराया जाए। इसी संकल्प के साथ वह पूरी श्रद्धा और भक्ति से अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर रहा है।