Edited By Manisha rana, Updated: 10 Feb, 2026 04:00 PM

हरियाणा के जींद जिले के छोटे से गांव झांझ (या झांझ कलां) की रहने वाली पूजा गोयत ने UGC NET JRF परीक्षा में अंग्रेजी विषय में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जींद (अमनदीप पिलानिया) : हरियाणा के जींद जिले के छोटे से गांव झांझ (या झांझ कलां) की रहने वाली पूजा गोयत ने UGC NET JRF परीक्षा में अंग्रेजी विषय में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इस परीक्षा में 99.96 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए, जिससे न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा जिला और प्रदेश गौरवान्वित हो उठा है।
पूजा गोयत एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके परिवार वाले खेती-बाड़ी का काम करते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने परिवार को दिया है। पूजा बताती हैं कि उन्होंने परिवार को अपना सबसे बड़ा दोस्त बनाया। अपने लक्ष्यों को परिवार के सामने खुलकर रखा, घर के कामों में हाथ बंटाया और सोशल मीडिया के माध्यम से पुराने दोस्तों से भी गाइडेंस ली। परिवार का पूरा सहयोग और समर्थन उनकी मेहनत का सबसे बड़ा आधार रहा।

इससे पहले पूजा UPSC परीक्षा की तैयारी कर रही थीं, लेकिन कई प्रयासों के बाद सफलता न मिलने पर उन्होंने अपना करियर पाथ बदलने का फैसला किया। फिर उन्होंने UGC NET की तैयारी शुरू की और कड़ी मेहनत के बल पर अंग्रेजी विषय में JRF के साथ शानदार सफलता हासिल की।
अब पूजा का अगला सपना स्पष्ट है। PhD में दाखिला लेकर असिस्टेंट प्रोफेसर बनना और बच्चों को पढ़ाकर समाज में योगदान देना। वे कहती हैं कि "परिवार के सपोर्ट से ही यह मुमकिन हुआ। मैंने कभी हार नहीं मानी और आज का परिणाम सबके सामने है।"पूजा गोयत की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। गांव और जिले में उनके परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। पूजा की सफलता से साबित होता है कि मेहनत, परिवार का साथ और सही दिशा मिल जाए तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)