Edited By Krishan Rana, Updated: 03 May, 2026 07:08 PM
ओलिंपियन और भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चौंकाने वाला खुलासा
हरियाणा डेस्क : ओलिंपियन और भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए विनेश ने कहा कि बृजभूषण के खिलाफ जो मामला अदालत में विचाराधीन है, उन 6 पीड़ितों में से एक मैं भी हूं। उन्होंने आगामी टूर्नामेंट के आयोजन स्थल पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया है।
पहलवान विनेश फोगाट ने यह बयान उस समय दिया जब देश में खिलाड़ियों की सुरक्षा और कुश्ती संघ से जुड़े विवादों को लेकर चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट हो रहा है। मैं और मेरी टीम कॉम्पिटीशन लड़ेगी, अगर किसी के साथ कुछ गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
अगर मेरे साथ गलत हुआ तो जिम्मेदार भारत सरकार होगी
उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित होने वाले 'सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट' पर आपत्ति जताते हुए विनेश ने कहा कि वह स्थान बृजभूषण का गढ़ है। वहां उनका निजी कॉलेज है और पूरा इलाका उनके प्रभाव में है। विनेश ने आशंका जताई कि ऐसे माहौल में उनके लिए निष्पक्ष रूप से मुकाबला करना असंभव होगा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने हमारा शोषण किया, उसके घर में जाकर कुश्ती लड़ना किसी भी महिला खिलाड़ी के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से डरावना अनुभव है। वहां मेरे साथ कुछ भी गलत हुआ, तो इसकी सीधी जिम्मेदार भारत सरकार होगी।
डेढ़ साल के संघर्ष के बाद वापसी कर रहीं विनेश ने कहा कि वह लंबे समय से कुश्ती की मैट से दूर थीं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं फिर से तिरंगे का मान बढ़ाऊं और देश के लिए पदक जीतूं। मेरी टीम पूरी ईमानदारी से तैयारी कर रही है, लेकिन व्यवस्था की खामियां हमारे हौसलों को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
विनेश फोगाट ने कहा कि आज से तीन साल पहले हमने महिला खिलाड़ियों के शारीरिक शोषण के खिलाफ आवाज उठाई थी। उससे संबंधित केस कोर्ट में पेंडिंग है। 6 महिला खिलाड़ियों ने उसमें शिकायत और गवाही दी थी जिनमें से मैं बताना चाहती हूं कि मैं भी उनमें से एक विक्टिम हूं। उस केस में गवाहियां चल रही हैं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन है कि किसी भी पीड़ित की पहचान को सार्वजनिक न किया जाए लेकिन आज कुछ मजबूरियों के चलते मैं अपना नाम सार्वजनिक कर रही हूं।
क्या है पूरा मामला
इस विवाद की शुरुआत 2023 की शुरुआत में हुई, जब देश की कई टॉप महिला पहलवानों ने बृज भूषण शरण सिंह पर यौन शोषण, अनुचित व्यवहार और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए। इन पहलवानों में ओलंपियन विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया जैसे बड़े नाम शामिल थे। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देकर न्याय की मांग की थी और WFI अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की थी।
बाद में पुलिस ने केस दर्ज किया और कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई। इसी बीच विनेश फोगाट ने कई बार सार्वजनिक रूप से बयान देकर कहा कि वह भी इस कथित शोषण से प्रभावित पीड़ितों में शामिल हैं और उन्होंने पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यह मामला सिर्फ खेल से जुड़ा विवाद नहीं रहा, बल्कि यह महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा, खेल प्रशासन में पारदर्शिता और सत्ता के दुरुपयोग पर एक बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बन गया।
बृजभूषण शरण सिंह ने आरोपों को नकारा था
इन आरोपों पर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं हुआ है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “अगर एक भी आरोप साबित हो जाता है तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा।” यह विवाद तब सामने आया जब कई महिला पहलवानों, जिनमें ओलंपियन विनेश फोगाट भी शामिल थीं, ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। पहलवानों ने दिल्ली में धरना देकर न्याय और कार्रवाई की मांग की थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)