Edited By Saurabh Pal, Updated: 20 Nov, 2023 06:03 PM

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कहा कि शहरीकरण के कारण जो लोग घरों में गाय नहीं पाल सकते उनके लिए गांव में गाय पालने हेतू पीजी (पेईंग गैस्ट) खोली जानी चाहिए।
चंडीगढ़/ अंबाला (चंद्र शेखर धरणी): हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कहा कि शहरीकरण के कारण जो लोग घरों में गाय नहीं पाल सकते उनके लिए गांव में गाय पालने हेतू पीजी (पेईंग गैस्ट) खोली जानी चाहिए। लोगों को गाय रखनी चाहिए और सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं को इसके लिए व्यवस्था भी करनी चाहिए। क्योंकि आज पुरानी परंपरा पर लोगों का लौटना जरूरी है।
अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी स्थित रामबाग गौशाला में गौशाला समिति की ओर से आयोजित हवन में भाग लिया और गऊओं को चारा खिलाकर गौसेवा भी की। विज ने इस अवसर पर कहा कि जमाने ने तेजी से तरक्की की है, पहले लोग गौसेवा के लिए गाय पालते थे, मगर आज कुत्ते पाल रहे हैं। इसी प्रकार, पहले घर में फूल उगाते थे, अब कैकटस लगा रहे हैं। इसका जमाने के व्यवहार पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि गाय हमारी संस्कृति और समाज का हिस्सा है। जो जन्म देती है, उसको माता कहते है और जो पालन करती है, उसको भी माता कहा जाता है। गाय भी मनुष्य का पालन करती है और इसका दूध, गोबर सभी मनुष्य के काम आता है।
गृह मंत्री विज ने बताया कि गौशाला बनाने को लेकर सरकार भी विचार कर रही है। हरियाणा ऐसा पहला प्रदेश है जिसने गौ तस्करी पर सख्त कानून बनाते हुए कार्रवाई की है। नियमों को कड़ा करने के साथ-साथ अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)