Edited By Manisha rana, Updated: 23 Feb, 2026 01:33 PM

मधुबन थाना क्षेत्र में बसताड़ा टोल से आगे नैशनल हाईवे पर कुरुक्षेत्र डिपो की किलोमीटर स्कीम वाली रोडवेज बस चालक द्वारा अभद्र व्यवहार और लापरवाही का मामला सामने आया है।
घरौंडा : मधुबन थाना क्षेत्र में बसताड़ा टोल से आगे नैशनल हाईवे पर कुरुक्षेत्र डिपो की किलोमीटर स्कीम वाली रोडवेज बस चालक द्वारा अभद्र व्यवहार और लापरवाही का मामला सामने आया है। पानीपत जिले के नैन गांव निवासी टैक्सी चालक विशाल ने बताया कि 12 फरवरी को वह दिल्ली से पंजाब की ओर जा रहा था। उसकी कार में एक परिवार बैठा था जिन्हें किसी समारोह में छोड़ना था।
बसताड़ा टोल प्लाजा पार करने के बाद पीछे से हरियाणा रोडवेज की बस तेज रफ्तार में आई और अचानक उसकी कार की तरफ मोड़ दी। किसी तरह उसने गाड़ी संभाल ली और बड़ा हादसा टल गया। उसने बस चालक को समझाने की कोशिश की लेकिन चालक ने गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उससे नाम पूछा तो उसने कहा कि घर में सभी उसे प्यार से 'जीजा' कहते हैं।
विशाल का आरोप है कि बस चालक ने बस को पीछे लिया और उसकी कार को टक्कर मार दी जिससे कार पर स्क्रैच आ गए। इसके बाद वह मौके से बस लेकर निकल गया। विशाल ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद डायल-112 से कॉल आई कि बस को करनाल बस स्टैंड पर रोक लिया गया है और वह वहां पहुंच जाए। वह करनाल बस स्टैंड पहुंचा लेकिन वहां न तो बस थी और न ही डायल-112 की टीम। विशाल का कहना है कि उसके पास वीडियो मौजूद है जिसमें चालक गाली-गलौच और धमकी देता दिख रहा है।
विशाल ने बताया कि सवारियों को पंजाब छोड़ने के बाद मधुबन थाने में लिखित शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुरुक्षेत्र रोडवेज के जी.एम. शेर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद तरावड़ी क्षेत्र से दीपक नामक चालक को हटा दिया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)