Edited By Krishan Rana, Updated: 26 Feb, 2026 06:58 PM

रोहतक पुलिस के साइबर थाना रोहतक ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक पुलिस के साइबर थाना रोहतक ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस टीम ने एक आरोपी को लुधियाना (पंजाब) से तथा 2 अन्य आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है। यह सभी बिहार के रहने वाले हैं जो बिहार से ही इस प्रकार से ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहे थे।
रोहतक के रहने वाले रमन नामक व्यक्ति ने पिछले वर्ष दिसंबर माह में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी की गई है। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने डोमिनोज जैसी नामी कंपनियों की फ्रेंचाइजी दिलवाने का झांसा देकर उससे 8 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंटरनेट पर बड़ी कंपनियों के नाम से फर्जी विज्ञापन जारी कर आम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। फ्रेंचाइजी दिलवाने और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे मोटी रकम ऐंठी जाती थी। साइबर थाना रोहतक की जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने पिछले छह महीनों में करीब छह करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। आरोपियों से 11 एटीएम, 10 मोबाइल और 10 फोन बरामद किए हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)