Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Aug, 2026 02:28 PM

सीवन थाना क्षेत्र के गांव नागल में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान फायरिंग करने के आरोप में
कैथल (जयपाल रसूलपुर): सीवन थाना क्षेत्र के गांव नागल में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर गगन नाथ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गांव नागल निवासी अजय कुमार का शमशेर सिंह पक्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 25 अगस्त की रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष जमीन के मामले को लेकर आमने-सामने हो गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
अजय की तरफ किया फायर, गोली चूकी तो छर्रे लगे:
इसी दौरान आरोप है कि गगन नाथ ने लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर से अजय कुमार की तरफ फायर कर दिया। गोली अजय को नहीं लगी, लेकिन छर्रे उसकी दाहिनी बाजू और कोहनी पर लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें अजय समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल गुहला ले जाया गया। अजय कुमार की शिकायत पर सीवन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी के बेटे के नाम है रिवॉल्वर
सीवन थाना प्रभारी एसआई मुकेश रानी की अगुवाई में एएसआई राजेश कुमार की टीम ने आरोपी गगन नाथ को काबू किया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, रिवॉल्वर आरोपी के बेटे के नाम पर लाइसेंसी है।
आरोपी हरियाणा पुलिस का रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर बताया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)