Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 May, 2026 10:31 PM

अगर आपके पास भी कोई नौकर या ड्राइवर लंबे समय से नौकरी कर रहा है और आप भी उस पर पूरी तरह से भरोसा करने लगे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): अगर आपके पास भी कोई नौकर या ड्राइवर लंबे समय से नौकरी कर रहा है और आप भी उस पर पूरी तरह से भरोसा करने लगे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। एक भरोसेमंद नौकर का ईमान लाखों रुपए देखकर डोल गया और वह मालिक के 47 लाख से भी ज्यादा रुपए लेकर फरार हो गया। एक व्यक्ति की शिकायत पर सेक्टर-50 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 के रहने वाले योगेंद्र कपूर ने बताया कि उनके पास काफी लंबे समय से विनय कुमार नामक ड्राइवर उनकी गाड़ी चला रहा है। काफी पुराना होने के कारण उन्हें विनय पर विश्वास हो गया था और वह अक्सर पेमेंट उसे दे देते थे और जिन क्लाइंट या परिचितों को उन्होंने रकम पहुंचानी होती थी तो वह यह रकम उन्हें पहुंचा देता था। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को वह सेक्टर-49 गुड़गांव में थे और यहां पर उन्होंने विनय को 47 लाख 28 हजार 500 रुपए एक व्यक्ति को देने के लिए कहा था, लेकिन यह रुपए वह बताए गए व्यक्ति को देने की बजाय स्वयं लेकर चला गया। उसका मोबाइल भी बंद है। ऐसे में उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।