Edited By Isha, Updated: 20 Feb, 2026 04:45 PM

हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे की गटर/ नाले में गिरने से मौत हो गई। मामला जाखोदा गांव का है, जहां खुले पड़े बरसाती नाले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार धनखड़): हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे की गटर/ नाले में गिरने से मौत हो गई। मामला जाखोदा गांव का है, जहां खुले पड़े बरसाती नाले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
जानकारी के अनुसार 4 वर्षीय मयंक घर के पास खुले नाले के किनारे अपनी बड़ी बहन के साथ खेल रहा था। गटर/ नाले में गंदे पानी के कारण झाग बने हुये थे। खेलते-खेलते वह अचानक संतुलन खो बैठा और बरसाती नाले में गिर गया। परिजनों को करीब आधे घंटे बाद इस बात का पता चला कि उनका इकलौता बेटा नाले में गिर गया है। काफी तलाश के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मयंक के पिता सुल्तान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल जाखोदा गांव में रहकर एक किरयाना दुकान पर हेल्पर का काम करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस फिलहाल मामले को हादसा मानकर कार्रवाई कर रही है। गांव में खुले पड़े नालों को लेकर लोगों में रोष है और प्रशासन से इन्हें जल्द ढकवाने की मांग की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।