Edited By Isha, Updated: 26 May, 2023 12:42 PM

सब्जी मंडी में अल सुबह आने वाले श्रमिकों पर किसानों पर जानलेवा हमला करने की वारदात से क्षुब्ध मंडी आढतियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मंडी को ताला जड़ दिया। बाद में आढतियों ने रोष प्रदर्शन करते हुए दिल्ली-महेंद्रगढ़ हाईवे को जाम कर दिया। जाम के...
चरखी दादरी(पुनीत): सब्जी मंडी में अल सुबह आने वाले श्रमिकों पर किसानों पर जानलेवा हमला करने की वारदात से क्षुब्ध मंडी आढतियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मंडी को ताला जड़ दिया। बाद में आढतियों ने रोष प्रदर्शन करते हुए दिल्ली-महेंद्रगढ़ हाईवे को जाम कर दिया। जाम के कारण रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई थी। करीब दो घंटे बाद पुलिस द्वारा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करने के आश्वासन पर जाम खोला गया। वहीं वारदात में घायल दो श्रमिकों को दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बता दें कि सब्जी मंडी में अल सुबह किसान सब्जी लेकर पहुंचते हैं और श्रमिक पर कार्य पर आते हैं। अल सुबह मंड के बाहर कुछ हथियारबंद लोगों ने एक किसान व एक श्रमिक पर हमला कर नकदी लूटकर फरार हो गए थे। हमले में घायल गांव समसपुर निवासी धर्मेंद्र व श्रमिक मनोज को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात के बाद मंडी आढतियों ने रोष मीटिंग करते हुए मंडी गेट पर ताला लगाते हुए रोड जाम कर दिया। इस दौरान आढतियों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। आढतियों ने कहा कि लगातार वारदातें हो रही हैं, पुलिस व प्रशासन को अवगत करवाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं जाम के कारण वाहनों की लंबी लाइनें लग गई थी। मौके पर पहुंचे सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मंडी प्रधान नितिन जांघू व आढति सुनील कुमार ने बताया कि लगातार किसानों व श्रमिकों पर हमले पर लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। कई बार प्रशासन को भी अवगत करवाया, समाधान नहीं होने के चलते रोड पर उतरने को मजबूर हैं। वहीं चेतावनी दी कि शाम पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद करते हुए रोड पर बैठ जाएंगे। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।