Edited By Krishan Rana, Updated: 03 Mar, 2026 08:04 PM

सोनीपत के गांव भटगांव में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए
सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत के गांव भटगांव में आज प्रदेश स्तरीय गौशाला चारा अनुदान वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की गौशालाओं के प्रतिनिधियों को सहायता राशि वितरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बजट, अपराध नियंत्रण, कांग्रेस पर निशाना और विदेशों में फंसे हरियाणवी लोगों को लेकर बड़ा बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया गया है, जबकि कांग्रेस को इसमें कुछ दिखाई नहीं दे रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का बजट व्यापक सोच के साथ तैयार किया गया है। यह बजट किसान, मजदूर, महिला, युवा, व्यापारी और समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर पेश किया गया है। उन्होंने बजट को विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला और हरियाणा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला बजट बताया।
कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को बजट में कुछ दिखाई नहीं दे रहा, क्योंकि कांग्रेस आज पूरी तरह हताश और निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपना राजनीतिक भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है, इसलिए वे विकास के एजेंडे को स्वीकार नहीं कर पा रहे। विदेशों में युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हरियाणवी नागरिकों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं अपराध और कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान अत्याचार के मामलों में मुकदमे तक दर्ज नहीं होते थे, लेकिन आज की सरकार में न केवल तुरंत एफआईआर दर्ज होती है बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई भी की जाती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)