Edited By Isha, Updated: 17 Apr, 2026 06:16 PM

पानीपत के सरकारी अस्पताल में ससुराल पक्ष के दर्जनों लोगों ने अपने ही जमाई और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों का मन कोर्ट में मारपीट से नहीं भरा, तो उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर दोबारा
पानीपत(सचिन): पानीपत के सरकारी अस्पताल में ससुराल पक्ष के दर्जनों लोगों ने अपने ही जमाई और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों का मन कोर्ट में मारपीट से नहीं भरा, तो उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर दोबारा दोनों भाइयों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। अस्पताल परिसर में हुई इस गुंडागर्दी से मरीजों और स्टाफ में भगदड़ मच गई।
जानकारी के अनुसार, विवाद तलाक के मामले को लेकर चल रहा था। जमाई अपनी पत्नी को तलाक देने के लिए कोर्ट पहुंचा था। इससे नाराज ससुराल पक्ष के दर्जनों लोग वहां इकट्ठा हो गए और कोर्ट परिसर में ही जमाई और उसके भाई पर हमला बोल दिया। कोर्ट में हुई मारपीट के बाद जब दोनों घायल भाई मेडिकल करवाने और उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचे, तो हमलावर पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए।
हमलावरों ने अस्पताल के भीतर ही दोनों भाइयों को घेर लिया और दोबारा जमकर पीटा। सरेआम हुई इस मारपीट में दोनों भाई लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घायल जमाई का आरोप: 'धोखे से कराई शादी'
अस्पताल में भर्ती पीड़ित भाइयों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी शादी झूठ बोलकर कराई गई थी। पीड़ित के अनुसार, जिस लड़की से उसकी शादी हुई, वह मानसिक रूप से कमजोर है, लेकिन ससुराल पक्ष ने यह बात छिपाकर रखी। जब सच्चाई सामने आई और पति ने तलाक की प्रक्रिया शुरू की, तो ससुराल वाले रंजिश रखने लगे और आज जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल के अंदर हुई इस मारपीट और शोर-शराबे से वहां मौजूद अन्य मरीज और उनके तीमारदार सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर संख्या में दर्जनों थे और पूरी तैयारी के साथ आए थे। फिलहाल दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।