Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 31 Jul, 2025 04:05 PM

कांग्रेस कभी देश के बारे में नहीं बल्कि परिवार के बारे में सोचती है जबकि भाजपा देश के बारे में सौंपती है। प्रधानमंत्री इसके बारे में बार-बार आगाह भी करते हैं। यह बात भाजपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कही।
गुड़गांव, (ब्यूरो): कांग्रेस कभी देश के बारे में नहीं बल्कि परिवार के बारे में सोचती है जबकि भाजपा देश के बारे में सौंपती है। प्रधानमंत्री इसके बारे में बार-बार आगाह भी करते हैं। यह बात भाजपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कही। वे आज गुरुकमल कार्यालय में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिलों एवं मंडलों की संख्या बढ़ाई गई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
भाजपा ने मानेसर को नया जिला बनाया है जिसे गुड़गांव महानगर का नाम दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भी कहा है कि उनकी लड़ाई किसी देश के साथ नहीं बल्कि आतंकवाद के खिलाफ है। आतंकवाद को खत्म करने के लिए हमारी सेना ने जो योजना बनाई कांग्रेस उसी पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। देश की 140 करोड़ जनता का इस बात से दिल टूटता है। इससे न केवल सेना का मनोबल टूटता है बल्कि देशवासियों का भी दिल टूटता है। उन्होंने कहा कि राजनीति करनी है ताे किसी राजनीतिक पार्टी पर आरोप लगाए, न किस सेना पर। कांग्रेस आज कमजोरी की ओर है और देश से समाप्ति की ओर है।
बडोली ने कांग्रेस संगठन पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस का सबसे मजबूत संगठन है, लेकिन वह किसी को दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह लोकसभा की कार्रवाई को ही रोक देते हैं। देश की जनता का कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है और कोई भी कांग्रेस से जुड़ना नहीं चाहता। जनता पूर्ण रूप से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। कांग्रेस कहने को राष्ट्रीय पार्टी है, लेकिन वह परिवारों की और परिवार से बंधी हुई पार्टी है। उन्होंने कहा कि अगर अपराधी कोई अपराध करता है तो उसे पकड़ा भी जाता है। उन्होंने यमुनानगर में हुए एनकाउंटर का उदाहरण देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक है। उन्होंने कहा कि अपराधी अपराध करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने गुड़गांव में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर कहा कि तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है। आपने 2014 से पहले का गुड़गांव देखा है, और आज का गुड़गांव भी देख रहे हो जिसमें काफी सुधार हुआ है। बारिश के दौरान काफी दिक्कत आती है। वह स्वयं जलभराव को देखकर भी आए हैं। नरसिंहपुर में हुए जलभराव के कारण जानने के लिए वह खांडसा के पास रुके थी थे। यहां, ड्रेन में उन्हें मिट्टी और गंदगी देखने को मिली जिसके कारण सारा पानी सड़क पर भरा हुआ था। नाले, सीवर की व्यवस्था हुई है, लेकिन कुछ लापरवाही के कारण ड्रेन की सफाई नहीं हुई है और उसमें गंदगी जमा है। इसे जल्द ही दुरुस्त करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों की चूक है। अधिकारी अपने कार्य में सुधार करेंगे।
इससे पूर्व मोहन लाल बडोली ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व शुरू हुआ है। पहली बार नए मंडलों और जिलों की संख्या बढ़ाई है। आज मानेसर में भाजपा कार्यालय का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। नई टीम का परिचय पुराने पदाधिकारियों से कराया गया है। 10 अगस्त तक संगठन की बैठक होंगी। संगठन तेज गति से कार्य करें उसके लिए दो महीने से हरियाणा प्रदेश नंबर 1 रहा है। 20 हजार से अधिक स्थानों पर प्रधानमंत्री की मन की बात को सुना गया। हरियाणा दूसरी बार इस कार्य में नंबर वन रहा है। स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका को लेकर भी भाजपा फरीदाबाद में बड़ा कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा निकालने के लिए तैयारी की जा रही है।