Edited By Krishan Rana, Updated: 21 Jul, 2026 05:21 PM

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब में हुई रैली के बाद पंजाब का राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल चुका है। और प्रदेश में भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2047 के विकसित भारत के विजन के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी सोच केवल चुनाव तक सीमित नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत करने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी कभी ऐसा ही राजनीतिक माहौल था जैसा आज पंजाब में दिखाई दे रहा है। लेकिन जनता ने बदलाव का फैसला लिया और विकास की राजनीति को चुना। अब पंजाब में भी वैसा ही वातावरण बन चुका है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में किसान, कर्मचारी और युवा सभी परेशान हैं। राज्य में रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं और सरकार के पास कोई ठोस जनकल्याणकारी नीति नहीं है। उनका आरोप था कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की अर्थव्यवस्था को दीमक की तरह चाटकर कमजोर कर दिया है और प्रदेश को आर्थिक रूप से कंगाल बना दिया है।
महिपाल ढांडा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि केवल चुटकुले सुनाने से सरकार नहीं चलती। जनता अब जवाब मांग रही है और विकास, रोजगार तथा मजबूत अर्थव्यवस्था चाहती है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली पंजाब की राजनीति में नया संदेश देगी और भाजपा के पक्ष में माहौल को और मजबूत करेगी। उनके अनुसार, पंजाब की जनता इस बार परिवर्तन के लिए तैयार है और भाजपा को स्पष्ट जनादेश देने का मन बना चुकी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)