अनिल विज ने 1857 शहीद स्मारक का किया निरीक्षण, जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

Edited By Deepak Kumar, Updated: 21 Sep, 2025 06:39 PM

anil vij inspected 1857 martyrs memorial in ambala

अनिल विज ने आज सन् 1857 में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक के निर्माण कार्य का जायजा लिया और शहीद स्मारक का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को कार्य जल्द पूरा करने के दिशा-निर्देश दिए।

चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी) : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज सन् 1857 में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक के निर्माण कार्य का जायजा लिया और शहीद स्मारक का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को कार्य जल्द पूरा करने के दिशा-निर्देश दिए। लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे स्मारक की विभिन्न आर्ट गैलरियों में मंत्री अनिल विज ने निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति रिपोर्ट जानी। कई गैलरियों में निर्माण कार्य की उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि कलाकारों ने उच्च किस्म की कला का प्रदर्शन करते हुए यहां कलाकारी का ऐसा परिदृश्य प्रस्तुत किया जोकि 1857 के इतिहास को जीवंत कर रहा है। 

अनिल विज ने कहा कि जहां-जहां गैलरियों में कार्य पूरा हो रहा है वहां मशीनों के माध्यम से सफाई कराई जाए। निरीक्षण के दौरान मंत्री अनिल विज ने स्मारक में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पुतलों की प्रशंसा की व कारीगरों से बातचीत करते हुए उनका उत्साह भी बढ़ाया। गौरतलब है कि स्मारक की विभिन्न गैलरियों में सन् 1857 के परिदृश्य को प्रदर्शित किया जा रहा है और उस समय के सैनिकों की वेशभूषा, आजादी की लड़ाई लड़ने वाले भारतीयों की वेशभूषा, बंदूकों व अन्य को प्रदर्शित किया जा रहा है। 

शहीद स्मारक में टिकट व अन्य कार्यों को लेकर चर्चा की

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक में दर्शकों के लिए लगने वाली टिकट के काउंटर की व्यवस्था पर अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग टिकट व्यवस्था के बजाए केवल एक टिकट स्मारक में आने वाले लोगों के लिए लगाई जाए। उन्होंने टिकट काउंटर का स्थान भी तय करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। 

स्मारक में बागवानी कार्य को लेकर चर्चा की

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्मारक के विभिन्न क्षेत्रों में बागवानी कार्य को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां खाली स्थान है वहां लैंड स्केपिंग करते हुए पौधे लगाए जाए। उन्होंने पहले से ही लगे विभिन्न किस्म के पॉम, रुद्राक्ष एवं अन्य बागवानी कार्य की प्रशंसा की तथा जहां और पौधे लगाए जाने है उस कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मारक के पिछली ओर भी जल्द लैंड स्केपिंग के कार्य को पूरा किया जाए। 

मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक की ड्रोन वीडियो से प्रेजेंटेशन देखी

शहीद स्मारक में निरीक्षण के उपरांत ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ड्रोन वीडियो प्रेजेंटेशन भी देखी। उन्होंने यहां प्रदर्शित किए जाने वाले इतिहास में विभिन्न पहलुओं, ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन, स्मारक में बन रही विभिन्न 23 गैलरियों का कार्य जल्द पूरा करने, ओपन एयर थियेटर में प्रोजेक्टर शो, स्मारक को आय के मामले में आत्मनिर्भर बनाना आदि पर चर्चा की।   निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!