कांग्रेस BJP के सामने नहीं, कांग्रेस नेता एक-दूसरे के सामने लड़ रहे हैं...फरीदाबाद में आयोजित जन संवाद रैली में बोले शाह

Edited By Manisha rana, Updated: 18 Sep, 2024 10:02 AM

amit shah spoke in the public dialogue rally organized in faridabad

फरीदाबाद विधानसभा में आयोजित जन संवाद रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। यह रैली फरीदाबाद भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल और तिगांव भाजपा प्रत्याशी राजेश नागर के समर्थन में की गई।

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद विधानसभा में आयोजित जन संवाद रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। यह रैली फरीदाबाद भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल और तिगांव भाजपा प्रत्याशी राजेश नागर के समर्थन में की गई। अमित शाह ने रैली में भाजपा की उपलब्धियां गिनवाई और कांग्रेस को जोरदार तरीके से घेरा। अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में दो खेमें स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। एक ओर देशभक्तों की टोली भाजपा है और दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों का टोला कांग्रेस के साथ इकट्ठा हुआ है। जनता को इन दोनों के बीच तय करना है कि हरियाणा किसके हाथों में सुरक्षित और विकसित रहेगा। 

अमित शाह ने कहा कि भाजपा का कार्य समाज का कल्याण करना है और कांग्रेस का कार्य परिवार कल्याण करना है। भाजपा का संकल्प विकसित हरियाणा और विकसित भारत है, लेकिन कांग्रेस का संकल्प परिवार का पोषण करने का है। अमित शाह ने कहा कि हथीन से लेकर थानेसर और पलवल तक कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगाए गए हैं। हरियाणा की जनता बताएं कि क्या हरियाणा की भूमि पर पाकिस्तान के नारे लगने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा को भी तुष्टीकरण में झोकना चाहती है।

कांग्रेस BJP के सामने नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे के सामने लड़ रहे

अमित शाह ने यह भी कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी भाजपा के सामने नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेता एक दूसरे के सामने लड़ रहे हैं। सैलजा हुड्डा के सामने और हुड्डा सुरजेवाला के सामने लड़ रहे हैं। जो अभी से अंदर-अंदर लड़ रहे हैं वो प्रदेश का विकास कैसे करेंगे। एक अनार-सौ बीमार वाली कांग्रेस पार्टी हरियाणा का विकास नहीं कर सकती। रैली में अमित शाह ने कहा कि इस क्षेत्र ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने बहुत बड़ा काम किया है। यहां का सूरज कुंड पूरे देश में विख्यात है। उन्होंने कहा कि इस भूमि को संत सरदार की भूमि भी कहा जाता है। हरियाणा में आने वाली 5 तारीख को चुनाव होने वाला है और हरियाणा की जनता तीसरी बार भाजपा को चुन रही है।

पहले पर्ची-खर्ची चलती थी, अब नौकरी का लेटर डाकिया लेकर आता है

अमित शाह ने कहा कि 10 साल पहले एक सरकार आती थी तो भ्रष्टाचार बढ़ जाता था, दूसरी सरकार आती थी तो गुंडागर्दी बढ़ जाती थी, लेकिन भाजपा की सरकार जब से आई तो प्रदेश से गुंडागर्दी समाप्त कर लोगों का जीवन आसान किया। पहले की सरकार में पर्ची और खर्ची चलती थी, लेकिन अब भाजपा की सरकार में नौकरी का लेटर डाकिया लेकर आता है।

कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे

रैली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारा हरियाणा तीन बातों के लिए देश में जाना जाता है। पहला देश के जवान, दूसरे किसान और तीसरे खिलाड़ी हैं। मैं आज हुड्डा से पूछना चाहता हूं कि हरियाणा का हर दूसरा घर सीमा पर जवान भेजता है। कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन का वादा 40 साल क्यों लटकाए रखा। देश की जनता ने 2014 में नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, 2015 में ही वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा कर दिया। शाह ने कहा कि कांग्रेस झूठ का व्यापार करती है, हाल में कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे थे जो निंदनीय है। 

लिस्ट लेकर फरीदाबाद चौक पर आएं हुड्डा

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस भाजपा के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रही है। वहां तो हुड्डा सैलजा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़ रही है। भाजपा सरकार ने ओबीसी की क्रीमी लेयर को भी कम किया और गुर्जर जाति को ओबीसी में जोड़ने का काम किया है। वहीं अमित शाह ने हुड्डा को चुनौती देते हुए कहा कि 10 साल आप मुख्यमंत्री रहे, लिस्ट लेकर फरीदाबाद चौक पर आ जाओ और विपुल गोयल आपसे बहस करने के लिए तैयार हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!