Edited By Krishan Rana, Updated: 31 Mar, 2026 06:50 PM

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सैन्यकर्मी अखिलेश हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को कुरुक्षेत्र से बी-वारंट पर
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सैन्यकर्मी अखिलेश हत्याकांड के मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विक्को और केके गौतम को कुरुक्षेत्र से बी-वारंट पर हाथरस की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को कुरुक्षेत्र से ले जाया गया और पेशी के बाद वापस कुरुक्षेत्र लाया गया।
बताया जा रहा है कि 5 फरवरी 2026 को समदपुर निवासी सैन्यकर्मी अखिलेश की कोर्ट से लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के चार दिन बाद 9 फरवरी को कुरुक्षेत्र पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ विक्को और केके गौतम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए थे।
मामले में हाथरस पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना कुछ दिन बाद मिली थी, जिस पर उस समय सवाल भी उठे थे। इसके बाद सादाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अपने केस में पेश करने के लिए अदालत से बी-वारंट हासिल किया था।
करीब 20 दिन पहले जारी हुए बी-वारंट के आधार पर पुलिस आरोपियों को हाथरस अदालत में पेश करने के लिए लेकर गई। बताया जा रहा है कि पेशी के बाद दोनों को दोबारा कुरुक्षेत्र लाया गया। सादाबाद के सीओ अमित पाठक के अनुसार पुलिस जल्द ही दोनों आरोपियों की रिमांड लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल करेगी, ताकि हत्या की साजिश और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।
वहीं मृतक सैन्यकर्मी के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)